CG Top 10 News Today:छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें महिला दिवस पर 33 जिलों में महा जन-सुनवाई, शिक्षा विभाग में फर्जी प्रमोशन रद्द,मुंगेली में कुत्ते से क्रूरता करने वाले जेल,रायपुर में रात 10 बजे के बाद डीजे बंद, कांकेर में अंतिम संस्कार विवाद से तनाव, बिलासपुर में 81 बिजली कनेक्शन काटे, NTPC हादसे में ठेकेदार पर FIR, निगम गार्डन बना नशेड़ियों का अड्डा, बस्तर में जंगली जानवर का हमला, रायगढ़ में फर्जी पुलिस बनकर लूट करने वाले गिरफ्तार समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

महिला दिवस पर बड़ी पहल: 33 जिलों की समस्याओं का होगा निपटारा

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग ने महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए ‘महा जन-सुनवाई सप्ताह’ शुरू करने का फैसला किया है। 8 से 13 मार्च तक चलने वाले इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी पांच संभागों में सुनवाई होगी। आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक के नेतृत्व में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग में 33 जिलों के लंबित मामलों को सुलझाया जाएगा। पिछले कुछ सालों में आयोग करीब 8000 मामलों का निपटारा कर चुका है और अब इस बड़े अभियान से हजारों परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।

शिक्षा विभाग में फर्जी प्रमोशन का खुलासा, दो कर्मचारी नपे

कबीरधाम जिले के शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच अब फर्जी पदोन्नति का मामला गरमा गया है। दुर्ग संभाग के संयुक्त संचालक ने कार्रवाई करते हुए दो कर्मचारियों का प्रमोशन निरस्त कर दिया है। साल 2021 में नियमों को ताक पर रखकर शिव कुमार निर्मलकर और जेपी बर्वे को सहायक ग्रेड-1 के पद पर प्रमोट किया गया था। शिकायत के बाद हुई जांच में यह पदोन्नति गलत पाई गई। विभाग ने दोनों को नोटिस दिया था, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं होने पर उन्हें वापस पुराने पद पर भेज दिया गया है।

कुत्ते के साथ बर्बरता करने वाले पहुंचे जेल

मुंगेली जिले के लोरमी से पशु क्रूरता का एक विचलित करने वाला मामला सामने आया है। ग्राम धनियाडोली में कुछ युवकों ने एक पालतू कुत्ते को बेरहमी से रंग लगाया और उसे प्रताड़ित किया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद जीव प्रेमियों ने भारी नाराजगी जताई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक्शन लिया और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इन पर भारतीय न्याय संहिता और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर इन्हें जेल भेज दिया गया है।

अब रात 10 बजे के बाद शांत रहेंगे डीजे और धुमाल

शादियों के सीजन को देखते हुए रायपुर पुलिस और डीजे-धुमाल संचालकों के बीच एक अहम बैठक हुई। इसमें फैसला लिया गया कि रात 10 बजे के बाद किसी भी कीमत पर डीजे नहीं बजाया जाएगा। हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का पालन करने के लिए खुद संचालकों ने भी सहमति जताई है। पुलिस अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि तय डेसिबल से ज्यादा आवाज होने या समय सीमा का उल्लंघन करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 27 मार्च से शुरू हो रहे वैवाहिक सीजन के लिए प्रशासन ने सख्त तेवर अपना लिए हैं।

कांकेर में अंतिम संस्कार को लेकर उपजा विवाद

कांकेर जिले के तरन्दुल गांव में धर्मांतरण के बाद एक महिला की मौत पर तनाव की स्थिति बन गई। ग्रामीणों का कहना था कि महिला और उसके परिवार ने कुछ समय पहले ईसाई धर्म अपना लिया था, इसलिए शव को गांव की पारंपरिक रीति-रिवाज से तभी दफनाने दिया जाएगा जब परिवार मूल धर्म में वापसी करेगा। महिला के बेटे-बेटी तो इसके लिए तैयार हो गए, लेकिन पोते ने इससे इनकार कर दिया। विवाद बढ़ता देख गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है और परिवार के बीच सुलह की कोशिश जारी है।

बिजली बिल नहीं पटाने वालों पर बिजली विभाग की गाज

बिलासपुर में बिजली विभाग ने बकायादारों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। एक विशेष अभियान के तहत विभाग ने 81 कनेक्शन काट दिए और करीब 5 लाख रुपये से ज्यादा की वसूली की। अधिकारियों ने बताया कि कई उपभोक्ता लंबे समय से बिल जमा नहीं कर रहे थे। विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि जो लोग समय पर भुगतान नहीं करेंगे, उनके कनेक्शन बिना देरी किए काट दिए जाएंगे। आने वाले दिनों में यह जांच अभियान और तेज किया जाएगा।

NTPC प्लांट हादसे में 7 महीने बाद ठेकेदार पर FIR

बिलासपुर के सीपत एनटीपीसी प्लांट में पिछले साल अगस्त में हुए हादसे के मामले में पुलिस ने अब कार्रवाई की है। इस हादसे में प्लेटफार्म टूटने से दो मजदूरों की मौत हो गई थी। लंबी जांच के बाद पुलिस ने पाया कि गोरखपुर कंस्ट्रक्शन कंपनी ने मजदूरों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए थे। बिना सेफ्टी गियर के इतनी ऊंचाई पर काम करवाना जानलेवा साबित हुआ। लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस ने कंपनी के मालिक और साइट इंचार्ज के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

रायपुर का निगम गार्डन बना नशेड़ियों का अड्डा

रायपुर नगर निगम के ठीक सामने स्थित पंडित विद्याचरण शुक्ल उद्यान अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। करोड़ों रुपये मेंटेनेंस के नाम पर खर्च होने के बावजूद गार्डन की हालत खराब है। यहां न तो सीसीटीवी कैमरे काम कर रहे हैं और न ही सुरक्षा गार्ड तैनात हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह जगह अब चोरों और नशा करने वालों का ठिकाना बन गई है। शौचालय से लेकर लाइटों तक सब कुछ खराब है। विपक्ष ने भी इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष को घेरते हुए व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

बस्तर में जंगली जानवर का हमला, तीन ग्रामीण घायल

जगदलपुर के बास्तानार इलाके में जंगली जानवर के हमले से ग्रामीणों में डर का माहौल है। अलग-अलग जगहों पर हुए हमलों में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राथमिक तौर पर इसे तेंदुए का हमला माना जा रहा है, लेकिन वन विभाग अभी इसकी पुष्टि नहीं कर पाया है। विभाग ने घायलों को फौरी तौर पर सहायता राशि दी है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है ताकि पता लगाया जा सके कि हमलावर जानवर कौन सा है।

फर्जी पुलिस बनकर लूटने वाले दो शातिर गिरफ्तार

रायगढ़ में पुलिस ने एक ऐसी गैंग को पकड़ा है जो खुद को पुलिसवाला बताकर बुजुर्गों को निशाना बनाती थी। इन आरोपियों ने एक वृद्ध महिला को आधार कार्ड चेक करने के बहाने रोका और उसके गले से सोने की माला झपटकर भाग निकले। चक्रधरनगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज की मदद से चमार सिंह और रामकुमार नाम के दो आरोपियों को धर दबोचा। इनके पास से लूटी गई माला और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद कर ली गई है।

Also Read: तेलंगाना में नक्सलवाद पर प्रहार: 124 माओवादियों का ऐतिहासिक सामूहिक आत्मसमर्पण

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button