CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें बस्तर से 2027 तक हटेंगे अर्धसैनिक बल रायपुर में 10 साल बाद IPL मैच कोयला घोटाले में 1200 पन्नों की चार्जशीट अवैध रेत खनन आरोपी का सरेंडर VIP रोड पर शराबी नेता का हंगामा मध्य-पूर्व संकट पर छत्तीसगढ़ सरकार अलर्ट अफीम खेती मामले में बुलडोजर एक्शन ई-चालान लिंक से 2.85 लाख की ठगी नकली लेबल वाली बियर का खुलासा गैस सिलेंडर ब्लास्ट केस में 9 लाख मुआवजा समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

बस्तर से 2027 तक हट जाएंगे अर्धसैनिक बल

छत्तीसगढ़ विधानसभा में गृह मंत्री विजय शर्मा ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य 31 मार्च 2026 तक राज्य से सशस्त्र नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म करना है। इसके बाद 31 मार्च 2027 तक बस्तर के इलाकों से केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की वापसी शुरू हो जाएगी। सदन में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने केंद्र सरकार द्वारा सुरक्षा बलों की तैनाती के बदले मांगे गए 21,530 करोड़ रुपये पर सवाल उठाया था। इस पर गृह मंत्री ने साफ किया कि यह पुराना बकाया है और इसका अंतिम हिसाब-किताब किया जा रहा है।

रायपुर में 10 साल बाद लौटेगा आईपीएल का रोमांच

राजधानी के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। करीब एक दशक के इंतजार के बाद नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में आईपीएल के मैच होने जा रहे हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इस मैदान को अपना होम ग्राउंड बनाने का फैसला किया है। आरसीबी के दो मैच यहां प्रस्तावित हैं, जो मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ हो सकते हैं। स्टेडियम की क्षमता बढ़ाने और सुविधाओं को आधुनिक बनाने के लिए वीआईपी गैलरी और स्क्रीन में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं।

अवैध रेत खनन मामले में एबीवीपी नेता ने किया सरेंडर

खैरागढ़ के मोहड़ नदी में अवैध रेत उत्खनन और फायरिंग मामले में फरार चल रहे आरोपी संजय सिंह ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। पुलिस की ओर से संपत्ति कुर्की और लगातार छापेमारी के दबाव के बाद आरोपी ने खुद को कानून के हवाले किया। बता दें कि जून 2025 में रेत निकालने को लेकर ग्रामीणों और कुछ बाहरी लोगों के बीच विवाद हुआ था, जिसमें गोलीबारी हुई थी। संजय सिंह को राजनांदगांव जेल भेज दिया गया है। वह छात्र संगठन एबीवीपी से जुड़ा रहा है।

कोयला घोटाले में 1200 पन्नों की नई चार्जशीट दाखिल

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला घोटाले में ईओडब्ल्यू और एसीबी ने विशेष अदालत में चौथी सप्लीमेंट्री चार्जशीट पेश की है। 1200 पन्नों के इस दस्तावेज में आरोपी राकेश जैन के खिलाफ गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि घोटाले का मुख्य आरोपी सूर्यकांत तिवारी अवैध वसूली के पैसे को सफेद करने के लिए शेल कंपनियों का सहारा लेता था। फर्जी बिलिंग और बैंक लेयरिंग के जरिए करीब 40 करोड़ रुपये ठिकाने लगाने की बात सामने आई है।

वीआईपी रोड पर शराबी युवक का हंगामा, पुलिस से बदसलूकी

रायपुर के वीआईपी रोड पर चेकिंग के दौरान एक युवक ने जमकर बवाल काटा। खुद को सत्ताधारी दल का मंडल अध्यक्ष बताने वाले विकास शुक्ला ने शराब के नशे में ट्रैफिक टीआई को धमकी दी और एक आरक्षक का कॉलर पकड़कर धक्का दे दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और मारपीट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वर्दी के साथ बदतमीजी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

मध्य-पूर्व संकट के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार अलर्ट मोड पर है। पश्चिम एशिया के देशों में रह रहे छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार ने नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ भवन की अधिकारी लेखा अजगल्ले को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। संकट में फंसे नागरिक या उनके परिजन सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 8349840582 और 011-46156000 पर संपर्क कर सकते हैं।

अफीम की अवैध खेती पर एक्शन, बीजेपी नेता के भाई के कब्जे पर चला बुलडोजर

दुर्ग जिले में अफीम की अवैध खेती के मामले में प्रशासन ने अब आरोपियों की संपत्तियों पर प्रहार करना शुरू कर दिया है। आरोपी विनायक ताम्रकार के भाई बृजेश ताम्रकार द्वारा सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को बुलडोजर से ढहा दिया गया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान विनायक के घर से सात बोरी डोडा और अफीम निकालने के औजार भी बरामद किए हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नशे के कारोबार से जुड़ी अवैध संपत्तियों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा।

ई-चालान के फर्जी लिंक से ट्रेन मैनेजर के खाते से उड़े लाखों

बिलासपुर में साइबर ठगों ने एक ट्रेन मैनेजर को अपना शिकार बनाया है। पीड़ित विवेक कुमार के पास मोबाइल पर ओवर स्पीडिंग के चालान का एक लिंक आया था। जैसे ही उन्होंने लिंक पर क्लिक किया, ठगों ने उनके फोन का एक्सेस ले लिया। महज 11 मिनट के भीतर उनके क्रेडिट कार्ड से चार किश्तों में 2.85 लाख रुपये निकाल लिए गए। ठगों ने चालाकी दिखाते हुए बैंक से जुड़ी ई-मेल आईडी भी बदल दी थी ताकि ट्रांजैक्शन का मैसेज न मिल सके।

नकली लेबल लगाकर बियर बेचने वाले सेल्समैन पर गिरी गाज

राजनांदगांव की एक सरकारी शराब दुकान में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां बियर की बोतलों पर नकली लेबल और रैपर लगाकर “सुपर स्ट्रांग 7 हिल्स” ब्रांड की बियर बेची जा रही थी। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद आबकारी विभाग ने मुख्य विक्रेता कैलाश देवांगन को नौकरी से निकाल दिया है और उसे ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी की जा रही है। विभाग ने संबंधित बियर निर्माता कंपनी माइकल ब्रेवरेज को भी नोटिस जारी कर स्टॉक वापस लेने को कहा है।

गैस सिलेंडर ब्लास्ट मामले में कंपनी को देना होगा मुआवजा

छत्तीसगढ़ राज्य उपभोक्ता आयोग ने गैस सिलेंडर ब्लास्ट में जान गंवाने वाले उपभोक्ता के परिवार के पक्ष में बड़ा फैसला सुनाया है। भिलाई निवासी अशोक कुमार झा की मौत के मामले में आयोग ने इंडियन ऑयल और बीमा कंपनी की दलीलों को खारिज कर दिया। आयोग ने जिला फोरम के उस आदेश को बरकरार रखा है जिसमें पीड़ित परिवार को 8 लाख रुपये मुआवजा और 1 लाख रुपये मानसिक क्षतिपूर्ति देने की बात कही गई थी। कोर्ट ने माना कि गैस एजेंसी ने सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया था।

Also Read: LPG Gas Cylinder: रसोई गैस की कीमतों में उछाल: छत्तीसगढ़ में घबराने की जरूरत नहीं, सीएम साय ने कहा– प्रदेश में गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button