CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें रायपुर में 12.5 करोड़ GST घोटाले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, गैस सिलेंडर की सप्लाई घटी, रतनपुर में 8 फीट का मगरमच्छ पकड़ा गया, अंबिकापुर के ई-रिक्शा शोरूम में भीषण आग, सक्ती में उप अभियंता सस्पेंड, दुर्ग में ऑनलाइन हथियार मामले में मिशो के कर्मचारी गिरफ्तार, रायपुर में त्योहारों पर 3 दिन मांस दुकानें बंद, हाईवे किनारे निर्माण के लिए ऑनलाइन NOC सुविधा, कांग्रेस नेता विनोद तिवारी दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़े, सुकमा में नक्सलियों का 18 किलो बारूद बरामद समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
रायपुर में 12.5 करोड़ की GST चोरी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
रायपुर में जीएसटी विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अमन सिंह नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है। अमन पर आरोप है कि उसने ‘हिंदुस्तान कॉरपोरेशन’ नाम की एक फर्जी कंपनी बनाकर सरकार को करीब 12.5 करोड़ रुपये का चूना लगाया। जांच में पता चला कि यह कंपनी सिर्फ कागजों पर चल रही थी और इसका कोई असली ऑफिस नहीं था। आरोपी बिना सामान भेजे ही फर्जी बिल जारी करता था ताकि दूसरी कंपनियां गलत तरीके से टैक्स छूट का फायदा उठा सकें। अमन पिछले एक साल से फरार चल रहा था जिसे अब जेल भेज दिया गया है।
गैस सिलेंडर की सप्लाई में कटौती से बढ़ी परेशानी
इजराइल और ईरान के बीच चल रहे तनाव का असर अब छत्तीसगढ़ की रसोई तक पहुंच गया है। तेल कंपनियों ने गैस एजेंसियों के लिए कोटा तय कर दिया है जिससे सप्लाई में 20 से 25 प्रतिशत की कमी आई है। जहां पहले 10 हजार सिलेंडर मिलते थे वहां अब सिर्फ साढ़े सात हजार ही मिल पा रहे हैं। हालात यह हैं कि लोगों को एक सिलेंडर के लिए 5 से 6 दिन का इंतजार करना पड़ रहा है। रविवार को बॉटलिंग प्लांट बंद रहने से किल्लत और बढ़ सकती है।
रतनपुर के तालाब में फंसा 8 फीट लंबा मगरमच्छ
बिलासपुर के रतनपुर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब मछुआरों के जाल में एक विशालकाय मगरमच्छ फंस गया। मछुआरे रोज की तरह मछली पकड़ने गए थे लेकिन जाल भारी लगने पर जब उन्होंने उसे बाहर खींचा तो 8 फीट लंबे मगरमच्छ को देख उनके होश उड़ गए। तुरंत वन विभाग को इसकी जानकारी दी गई। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ का रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित खूंटाघाट बांध में छोड़ दिया।
अंबिकापुर के ई-रिक्शा शोरूम में भीषण आग
अंबिकापुर के रामानुजगंज रोड पर स्थित एक ई-रिक्शा एजेंसी में शनिवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते शोरूम में रखे ई-रिक्शा की बैटरियां, साउंड सिस्टम और एम्पलीफायर जलकर राख हो गए। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। दमकल की तीन गाड़ियों ने करीब आधे घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ होगा।
लापरवाही पर सक्ती के उप अभियंता निलंबित
सक्ती जिले में प्रशासनिक सख्ती दिखाते हुए जिला पंचायत ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के उप अभियंता धनंजय सिंह चंद्रा को सस्पेंड कर दिया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने पांच निर्माण कार्यों के पूरा होने से पहले ही उनकी रिपोर्ट जमा कर दी थी। जब विभाग ने उन्हें नोटिस भेजकर जवाब मांगा तो वे कोई ठोस सफाई नहीं दे पाए। इसके बाद छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियमों के तहत उन पर यह कार्रवाई की गई है।
ऑनलाइन हथियार मंगाना पड़ा भारी, ई-कॉमर्स कंपनी के कर्मचारी गिरफ्तार
दुर्ग में पुलिस ने एक अनोखी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन शॉपिंग साइट ‘मिशो’ के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। मामला एक पुराने हमले से जुड़ा है जिसमें आरोपी ने हमला करने के लिए इसी साइट से धारदार हथियार मंगाया था। पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि कंपनी बिना जरूरी कागजों के प्रतिबंधित हथियार बेच रही थी। इसके बाद पुलिस ने एरिया मैनेजर और डिलीवरी से जुड़े कर्मचारी को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है।
रायपुर में 3 दिन बंद रहेंगी मांस-मटन की दुकानें
राजधानी रायपुर में आने वाले त्योहारों को देखते हुए नगर निगम ने मांस की बिक्री पर रोक लगा दी है। 20 मार्च को चेटी चंद, 27 मार्च को रामनवमी और 31 मार्च को महावीर जयंती के मौके पर शहर की सभी मांस दुकानें और बूचड़खाने बंद रहेंगे। निगम प्रशासन ने साफ किया है कि अगर कोई इन दिनों में दुकान खोलता पाया गया तो उसका सामान जब्त कर लिया जाएगा और कड़ी कार्रवाई होगी।
हाईवे किनारे घर या दुकान बनाने के लिए अब ऑनलाइन मिलेगी अनुमति
राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के किनारे घर, दुकान या पेट्रोल पंप खोलने वालों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें एनओसी के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। एनएचएआई ने ‘राजमार्ग प्रवेश’ पोर्टल का नया वर्जन जारी किया है। इसके जरिए लोग अब घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और अपने आवेदन की स्थिति भी देख सकेंगे। इससे काम में पारदर्शिता आएगी और लोगों का समय भी बचेगा।
दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता विनोद तिवारी को किया गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेता विनोद तिवारी को दिल्ली पुलिस ने यूपी के कौशांबी से गिरफ्तार किया है। उन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। तिवारी वहां एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे तभी पुलिस टीम ने उन्हें धर दबोचा। इस गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है।
सुकमा में नक्सलियों का सामान बरामद, 18 किलो बारूद मिला
बस्तर में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सुकमा के जंगलों में सर्चिंग के दौरान जवानों ने नक्सलियों के एक गुप्त ठिकाने से 18 किलो अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया है। इसका इस्तेमाल आईईडी ब्लास्ट के लिए किया जाना था। बारूद के अलावा वहां से वर्दी, तिरपाल और नक्शे भी मिले हैं। सरकार ने मार्च 2026 तक राज्य से नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य रखा है।
Also Read:Gaudham Yojana: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया 11 जिलों में 29 गौधाम योजना किया शुभारंभ



