मगरलोड में हाईटेंशन लाइन का कहर: छत पर पाइप फिटिंग कर रहा मिस्त्री जिंदा जला, मौके पर ही दम तोडा

धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। ग्राम मेघा में बुधवार दोपहर पाइप फिटिंग का काम कर रहे एक प्लंबर मिस्त्री की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। करंट इतना जबरदस्त था कि युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है।

निर्माणाधीन मकान के ऊपर बिछी थी मौत की डोर

जानकारी के मुताबिक, ग्राम अरौद निवासी चुम्मन साहू (मृतक) पेशे से नल मिस्त्री था। बुधवार को वह मेघा गांव के बस स्टैंड बैंक ऑफ़ बड़ोदा के सामने गोकुल सेन के निर्माणाधीन मकान में प्लंबिंग का काम करने गया था। दोपहर करीब 2 बजे जब वह प्लास्टिक के में लोहे का जाली बांधकर छत पर चढ़ रहा था, तभी ऊपर से गुजर रही 11 केवी की हाईटेंशन लाइन से पाइप का संपर्क हो गया। तेज धमाके के साथ चुम्मन करंट की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया। चीख-पुकार सुनकर जब तक लोग मदद के लिए दौड़ते, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही मगरलोड थाना प्रभारी लक्ष्मी नारायण शुक्ला अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला कार्य के दौरान असावधानी और मकान के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों की वजह से हुआ हादसा लग रहा है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और जांच की जा रही है।

Also Read: रायपुर रामकृष्ण हॉस्पिटल में रूह कंपा देने वाला हादसा, सेप्टिक टैंक की जहरीली गैस ने ली 3 मजदूरों की जान, अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button