
छत्तीसगढ़ के राशन कार्ड धारकों के लिए एक जरूरी खबर है। प्रदेशभर की सरकारी राशन दुकानों में 21 मार्च से लेकर 25 मार्च तक अनाज का वितरण पूरी तरह बंद रहेगा। खाद्य संचालनालय ने बताया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के सॉफ्टवेयर को अपडेट करने का काम किया जा रहा है जिसकी वजह से मुख्य सर्वर बंद रहेगा। इस दौरान राज्यभर की दुकानों में न तो चावल मिलेगा और न ही शक्कर या अन्य सामग्री। विभाग ने स्पष्ट किया है कि 26 मार्च से व्यवस्था फिर से पहले की तरह सामान्य हो जाएगी।
नए वित्तीय वर्ष की तैयारी और डेटा समायोजन
खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार हर साल नया वित्तीय सत्र शुरू होने से पहले तकनीकी सुधार और डेटा का मिलान किया जाता है। 1 अप्रैल से शुरू होने वाले नए साल के लिए स्टॉक का हिसाब-किताब दुरुस्त करने के मकसद से रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ का ऑनलाइन रिकॉर्ड अपडेट किया जा रहा है। विभाग का कहना है कि भविष्य में राशन वितरण की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और तकनीकी रूप से सुगम बनाने के लिए यह अस्थायी बंदी अनिवार्य है। सॉफ्टवेयर अपडेट होने के बाद वितरण में आने वाली तकनीकी खामियां दूर हो सकेंगी।
21 मार्च से पहले ले लें राशन, दुकानदारों को मुनादी के निर्देश
प्रशासन ने हितग्राहियों से अपील की है कि जिन्हें इस महीने का राशन अभी तक नहीं मिला है वे 21 मार्च से पहले अपनी नजदीकी दुकान पहुंचकर सामग्री ले लें। जिला खाद्य नियंत्रकों ने सभी राशन दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में मुनादी कराएं या मोबाइल मैसेज के जरिए लोगों को सूचित करें। राशन दुकानों के बाहर भी सूचना चस्पा कर दी गई है ताकि उपभोक्ताओं को बेवजह दुकान के चक्कर न काटने पड़ें। कई दुकानदारों ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस और सोशल मीडिया ग्रुप्स में भी यह जानकारी साझा की है।
वैकल्पिक व्यवस्था नहीं, 26 मार्च से फिर खुलेगा पोर्टल
इस पांच दिवसीय बंदी के दौरान विभाग की ओर से फिलहाल कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। चूंकि मुख्य सर्वर ही बंद रहेगा इसलिए ई-पॉस (e-PoS) मशीनें काम नहीं करेंगी और बायोमेट्रिक सत्यापन भी संभव नहीं होगा। अधिकारियों ने बताया कि 25 मार्च की रात तक सॉफ्टवेयर अपग्रेड करने का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद 26 मार्च की सुबह जैसे ही पोर्टल खुलेगा राशन का वितरण फिर से शुरू कर दिया जाएगा। खासकर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले परिवारों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपना कोटा उठा लें।



