
CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में नौतपा की भीषण गर्मी के बीच मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. राज्य के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में शुरू हुई मौसमी गतिविधियों ने लोगों को चुभती गर्मी और लू के थपेड़ों से काफी राहत दी है. इन क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही और हल्की बौछारों के कारण दिन के पारे में करीब 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है. हालांकि राज्य के मैदानी यानी मध्य इलाकों में अभी भी तेज धूप का असर बना हुआ है. बीते दिन राजनांदगांव में सबसे ज्यादा 46 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के चलते आने वाले दिनों में अंधड़ और बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी जिससे गर्मी से और राहत मिलने की उम्मीद है.
सुकमा और जगदलपुर समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश
CG Weather Rain Alert Update: बीते शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश दर्ज की गई है जिसने स्थानीय स्तर पर उमस और गर्मी को कम किया है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सबसे ज्यादा 4 सेंटीमीटर वर्षा सुकमा जिले में रिकॉर्ड की गई है. इसके साथ ही बस्तर संभाग के जगदलपुर, तोंगपाल और दरभा में 3 सेंटीमीटर, तोकापाल में 2 सेंटीमीटर बारिश हुई. वहीं कोंडागांव, कोंटा, भानपुरी, लोहांडीगुड़ा सहित सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में भी 1 सेंटीमीटर तक पानी गिरा है. मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि इस समय मध्य पाकिस्तान से लेकर राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर छत्तीसगढ़ होते हुए ओडिशा तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है. इसके साथ ही बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है और उत्तर में एक पश्चिमी विक्षोभ भी मौजूद है, जिसके प्रभाव से लगातार नमी आ रही है.

रायगढ़, बिलासपुर और सरगुजा संभाग में अंधड़ का अलर्ट, 40 किलोमीटर की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
CG Weather Today News: बदले हुए इस सिस्टम को देखते हुए मौसम केंद्र ने छत्तीसगढ़ के कई जिलों के लिए आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी जारी की है. विभाग ने मुख्य रूप से रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के साथ-साथ सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बादल बरसने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूल भरी हवाएं चलने की आशंका जताई गई है. प्रशासन ने ग्रामीण इलाकों में लोगों को खराब मौसम के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है ताकि वज्रपात से किसी तरह की अनहोनी न हो.
राजधानी रायपुर में छाए रहेंगे बादल, आंधी के साथ हल्की बौछारें पड़ने से गिरेगा पारा
Raipur Weather Update Today: प्रदेश के अन्य हिस्सों की तरह राजधानी रायपुर और उसके आस-पास के इलाकों में भी शनिवार को मौसम का रुख नरम रहने की संभावना है. मौसम विभाग द्वारा रायपुर के लिए जारी किए गए पूर्वानुमान के अनुसार शहर में आज आसमान पर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. दोपहर या शाम के समय तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने के आसार बन रहे हैं. इस मौसमी बदलाव के कारण रायपुर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे पिछले दिनों के मुकाबले लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत जरूर महसूस होगी.



