
CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव का दौर शुरू हो गया है. राज्य के बस्तर संभाग सहित कई इलाकों में प्री-मानसून की फुहारों ने दस्तक दे दी है, जिससे वहां के तापमान में गिरावट आई है. हालांकि, राजधानी रायपुर समेत मैदानी इलाकों को अब भी राहत देने वाली अच्छी बारिश का इंतजार है. मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों जैसे बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव में लोग अब भी भीषण गर्मी से परेशान हैं. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले पांच दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अंधड़ चलने, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम वर्षा होने की गतिविधि जारी रहेगी.
बस्तर संभाग के इन इलाकों में बरसे बदरा, ओडगी और कुआकोंडा में दर्ज की गई सबसे ज्यादा बारिश
CG Weather Rain Alert Update: पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश रिकॉर्ड की गई है. मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार, ओडगी में सबसे ज्यादा 5 सेंटीमीटर पानी गिरा है. इसके अलावा कुआकोंडा में 4 सेंटीमीटर, बड़े बचेली में 3 सेंटीमीटर और सुकमा, बलरामपुर, तोंगपाल, कांसाबेल व मनोरा में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई है. वहीं चिरमिरी, गादीरास और छिंदगढ़ जैसे इलाकों में भी बादलों ने राहत की बौछारें गिराई हैं, जिससे स्थानीय लोगों को उमस से राहत मिली है.

बिलासपुर में पारा 42 डिग्री के पार, रायपुर में आज छाए रह सकते हैं बादल
CG Weather Today News: एक तरफ जहां कुछ जिलों में बारिश हो रही है, वहीं बिलासपुर और उसके आसपास के मैदानी क्षेत्रों में सूरज के कड़े तेवर बरकरार हैं. पिछले 24 घंटों में बिलासपुर में सबसे ज्यादा 42.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा. राजधानी रायपुर की बात करें तो शनिवार को यहां आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. रायपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
हवाओं के साथ आ रही है लगातार नमी, मानसून के आगमन की तैयारियों पर मौसम वैज्ञानिकों की नजर
IMD Alert: मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से आ रही हवाओं के कारण छत्तीसगढ़ में लगातार नमी आ रही है. इसी वजह से बस्तर के इलाकों में वर्षा की गतिविधियां बढ़ गई हैं. उन्होंने साफ किया कि बस्तर में हो रही यह बारिश मानसून के आगमन के लिए जमीन तैयार कर रही है. मौसम विभाग मानसून के तय मानकों के अनुसार होने वाली वर्षा और हवा की दिशा जैसी परिस्थितियों पर लगातार नजर रखे हुए है ताकि छत्तीसगढ़ में मानसून के प्रवेश की सटीक तारीख की घोषणा की जा सके.
देश के अन्य हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ रहा है मानसून, उत्तर प्रदेश के ऊपर चक्रवाती सिस्टम सक्रिय
Raipur Weather Update Today:मौसम केंद्र के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, पूरे गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश की तरफ आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह से अनुकूल बनी हुई हैं. इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर हवा का एक चक्रवाती घेरा (चक्रवाती परिसंचरण) बना हुआ है, जो समुद्र तल से करीब डेढ़ किलोमीटर ऊपर तक फैला है. इस सिस्टम के असर से छत्तीसगढ़ के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में आने वाले दिनों में बारिश की रफ्तार और बढ़ सकती है.



