CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से मौसम हुआ सुहावना: तपिश से मिली राहत, आंधी-बारिश का अलर्ट

CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ के लोगों को लंबे समय से परेशान कर रही चुभती गर्मी और उमस से आखिरकार बड़ी राहत मिल गई है. पिछले कई दिनों से राज्य की सीमा पर अटका दक्षिण-पश्चिम मानसून 22 जून को छत्तीसगढ़ के भीतर दाखिल हो गया. इसके प्रभाव से राजधानी रायपुर, दंतेवाड़ा और बीजापुर समेत कई जिलों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है और झमाझम बारिश दर्ज की गई है. पानी बरसने से प्रदेश के अधिकतम तापमान में गिरावट आई है जिससे लोगों को चिलचिलाती धूप से निजात मिली है. मंगलवार सुबह से ही रायपुर और आसपास के इलाकों में ठंडी हवाएं चल रही हैं.

दंतेवाड़ा और जगदलपुर समेत बस्तर संभाग के कई इलाकों में हुई भारी बारिश

CG Weather Rain Alert Update: मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक मानसून की एंट्री के साथ ही सबसे ज्यादा सक्रियता दक्षिणी छत्तीसगढ़ में देखी गई है. बस्तर जिले के जगदलपुर में 5 सेंटीमीटर और नानगुर में 2 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है. इसी तरह दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा में 3 सेंटीमीटर, कटेकल्याण और गीदम में 1 सेंटीमीटर बारिश हुई. उत्तर छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में भी 2 सेंटीमीटर पानी गिरा है. दूसरी तरफ भैरमगढ़ और गादीरास में भी 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे इन इलाकों की सूखी नदियों और नालों में दोबारा पानी की हलचल शुरू हो गई है.

तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने की संभावना

Raipur Weather Update Today:मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर के लिए भी राहत भरे संकेत जारी किए हैं. शहर में आने वाले दिनों में आसमान में घने बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज रफ्तार हवाएं चलने की अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं. इस दौरान रायपुर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि राज्य के मध्य हिस्सों में अगले दो दिनों तक दिन का तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री अधिक रह सकता है, लेकिन उसके बाद वहां भी मौसम ठंडा हो जाएगा.

तेजी से आगे बढ़ रहा मानसून

CG Weather Today News: मौसम विज्ञानियों ने बताया कि इस समय देश में दो प्रमुख सिनोप्टिक सिस्टम यानी मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं जो छत्तीसगढ़ में मानसून को आगे बढ़ा रही हैं. औसत समुद्र तल पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र और मौसमी द्रोणिका राजस्थान से उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक फैली हुई है. इसके साथ ही दक्षिण भारत में तेलंगाना से रायलसीमा और तमिलनाडु होते हुए मन्नार की खाड़ी तक एक अन्य द्रोणिका बनी हुई है. इन दोनों सिस्टम के कारण बंगाल की खाड़ी से भारी मात्रा में नमी छत्तीसगढ़ की तरफ आ रही है, जिससे बादलों का निर्माण तेजी से हो रहा है.

अगले पांच दिनों तक 50 किलोमीटर की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

CG IMD Alert: मौसम केंद्र ने प्रदेश के कई हिस्सों में अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि अगले 5 दिनों तक राज्य में आंधी-तूफान और बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी. आज छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की पूरी संभावना है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने विशेष रूप से ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को सचेत किया है कि वे गरज-चमक के दौरान आकाशीय बिजली यानी वज्रपात से बचने के लिए पक्के मकानों की शरण लें और पेड़ों के नीचे जाने से बचें.

Also Read: PM Ujjwala Yojana Subsidy Price Cut: उज्ज्वला योजना में बड़ा बदलाव: अब एक साल में मिलेंगे सिर्फ 4 सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर, जेब पर बढ़ेगा बोझ, जानें नई कीमत

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button