IPL Cricketer Shashank Singh Retired IPS Shailesh Singh FIR: आईपीएल क्रिकेटर शशांक सिंह पर FIR, उनके रिटायर्ड IPS पिता और ड्राइवर ने मिलकर किया ऐसा काम की लगे गंभीर आरोप

IPL Cricketer Shashank Singh Retired IPS Shailesh Singh FIR: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक बड़ी खबर सामने आई है जहां इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में पंजाब किंग्स की तरफ से खेलने वाले मशहूर क्रिकेटर शशांक सिंह और उनके रिटायर्ड आईपीएस पिता शैलेश सिंह कानूनी पचड़े में फंस गए हैं. भोपाल के रातीबड़ थाने में दोनों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है. उनके घर पर काम करने वाले एक रसोइए (कुक) ने दोनों पर बंधक बनाकर मारपीट करने, गाली-गलौज करने और जबरन मजदूरी कराने जैसे कई गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुकदमा कायम कर जांच शुरू कर दी है.

सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर रीवा से भोपाल बुलाया

यह पूरा मामला विपेंद्र सिंह नामक युवक की शिकायत के बाद सामने आया है जो शैलेश सिंह के घर पर कुक का काम करने आया था. पीड़ित युवक मूल रूप से रीवा का रहने वाला है. शिकायत के मुताबिक उसे अच्छे वेतन और भविष्य में सरकारी नौकरी दिलवाने में मदद करने का भरोसा देकर भोपाल बुलाया गया था. इसके एवज में उसे हर महीने 15,000 रुपये सैलरी, रहने के लिए कमरा और मुफ्त भोजन देने का वादा किया गया था लेकिन भोपाल पहुंचने के बाद स्थितियां पूरी तरह बदल गईं.

नौकरी छोड़ने की बात कहने पर मिली जान से मारने की धमकी

पीड़ित का आरोप है कि काम संभालने के कुछ ही घंटों के भीतर उस पर क्षमता से अधिक काम करने का मानसिक दबाव बनाया जाने लगा. घर के भीतर पहले से काम कर रहे अन्य कर्मचारियों के साथ भी बुरा बर्ताव और गाली-गलौज की जा रही थी जिसे देखकर वह डर गया. जब उसने इस माहौल में काम करने से मना किया और वापस रीवा लौटने की बात कही, तो आरोपी भड़क गए. उसे डराया-धमकाया गया और कहा गया कि जब काम नहीं करना था तो वह यहां तक आया ही क्यों.

कमरा बंद करने के बाद भी अंदर घुसकर पीटा

विपेंद्र ने अपनी शिकायत में आगे बताया कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन जबरन छीन लिया ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके और उसे बंधक बनाकर काम करने पर मजबूर किया गया. डर के मारे जब युवक खुद को बचाने के लिए एक कमरे में छिप गया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया, तब शैलेश सिंह, क्रिकेटर शशांक सिंह और उनके निजी ड्राइवर ने मिलकर दरवाजा खुलवाया. आरोप है कि इन तीनों ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की जिससे उसे काफी चोटें आई हैं.

भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज

रातीबड़ थाना पुलिस ने पीड़ित कुक की लिखित शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पूर्व आईपीएस अधिकारी शैलेश सिंह, उनके क्रिकेटर बेटे शशांक सिंह और ड्राइवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 115(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज कर लिया है. थाना प्रभारी के मुताबिक कानून के तहत मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है. घटना के समय घर में मौजूद अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सबूतों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: Mehak Narwase Indian Under-19 Team Vice Captain: छत्तीसगढ़ की महक नरवासे बनीं भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम की उपकप्तान: 22 जून से श्रीलंका के खिलाफ शुरू होगी टी20 और वनडे सीरीज में दिखेंगी

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button