
Dhamtari Police Patroling Yogesh Jangde Case: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक की रहस्यमयी और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि इलाके में गश्त कर रही पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी को अचानक सामने देखकर युवक अपने साथियों के साथ भागने लगा था. इसी दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई. आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज शुरू होने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया. इस घटना के बाद से स्थानीय स्तर पर कई तरह की बातें सामने आ रही हैं.
लालबगीचा वार्ड में दोस्तों के साथ बैठा था युवक, पुलिस को देख मची भगदड़
यह पूरी घटना कोतवाली थाना इलाके के लालबगीचा वार्ड की है. मिली जानकारी के मुताबिक जोधापुर का रहने वाला 27 वर्षीय योगेश जांगड़े अपने कुछ दोस्तों के साथ वार्ड में बैठा हुआ था. उसी समय पुलिस की रूटीन पेट्रोलिंग टीम वहां से गुजरी. पुलिस वाहन को अपनी तरफ आता देख वहां बैठे युवकों में अचानक खलबली मच गई और वे अलग-अलग दिशाओं में दौड़ने लगे. योगेश भी पुलिस की कार्रवाई के डर से वहां से भागा लेकिन कुछ ही दूरी पर उसकी सांसें उखड़ने लगीं.
अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें, परिजनों में मचा कोहराम
भागने के दौरान योगेश की हालत लगातार बिगड़ती चली गई और वह जमीन पर गिर पड़ा. आसपास के लोग और उसके परिजन उसे तुरंत संभालते हुए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. हालांकि अस्पताल के डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की अचानक हुई मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे इस मामले में पूरी सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं.
डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में हार्ट अटैक को बताया मौत की मुख्य वजह
इस संवेदनशील मामले पर धमतरी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शैलेंद्र पाण्डेय ने आधिकारिक बयान जारी किया है. उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने प्राथमिक तौर पर मौत का कारण दिल का दौरा यानी हार्ट अटैक आना बताया है. ऐसा अनुमान है कि पुलिस को देखकर अचानक भागने की वजह से युवक का ब्लड प्रेशर बढ़ गया होगा जिससे उसे दिल का दौरा पड़ा. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है जिसकी विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही असली वजह साफ हो पाएगी.
पुलिस की गाड़ी देखकर क्यों भागे युवक, हर पहलू पर चल रही है तफ्तीश
इस पूरे मामले में पुलिस अब कई अनसुलझे सवालों के जवाब तलाशने में जुट गई है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर युवक सामान्य रूप से वहां बैठे थे तो पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी को देखकर उनके भागने की वजह क्या थी. क्या वे किसी संदिग्ध गतिविधि में शामिल थे या सिर्फ डर की वजह से भागे. कोतवाली थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना के समय वहां मौजूद योगेश के दोस्तों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि उस वक्त की पूरी कड़ियाँ जोड़ी जा सकें.



