
Balrampur Anganwadi Expiry Ready To Eat: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से महिला एवं बाल विकास विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिले के मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र सुरहुल खास में बच्चों को समय-सीमा पार कर चुका एक्सपायरी रेडी-टू-ईट भोजन परोस दिया गया। मामले का खुलासा निरीक्षण के दौरान हुआ, जब जांच टीम ने केंद्र के स्टॉक से 12 खराब पैकेट जब्त किए। इस घटना के बाद से ही विभाग की सप्लाई प्रणाली और खाद्य सुरक्षा निगरानी पर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।

जांच में मिले 12 एक्सपायरी पैकेट, कार्यकर्ता ने दी अपनी सफाई
Balrampur News: जांच टीम द्वारा केंद्र के निरीक्षण के दौरान कुल 12 एक्सपायरी रेडी-टू-ईट पैकेट बरामद किए गए। जब्त किए गए एक पैकेट पर निर्माण तिथि 12 मार्च 2026 और अंतिम उपयोग तिथि 19 जून 2026 दर्ज थी। इसी तरह एक अन्य पैकेट की अंतिम उपयोग तिथि 21 जून 2026 अंकित थी। तिथि समाप्त होने के बाद भी इन्हीं पैकेटों में से सामग्री बनाकर बच्चों को खिला दी गई। मामले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने अपना बचाव करते हुए कहा कि कम दिखाई देने के कारण वह पैकेट पर लिखी तिथि नहीं पढ़ सकीं।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बैठाई जांच, कार्रवाई की दी चेतावनी
घटना का संज्ञान लेते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी रमाकांत चंद्राकर ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि सीडीपीओ और संबंधित सुपरवाइजर को मामले की विस्तृत पड़ताल का जिम्मा सौंपा गया है।

जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही आंगनबाड़ी में भोजन करने वाले सभी बच्चों के स्वास्थ्य की सतत निगरानी की जा रही है।



