
CG State Butterfly Voting Process: छत्तीसगढ़ की जैव विविधता को एक नई पहचान देने के उद्देश्य से वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने राज्य की पहली राजकीय तितली चुनने की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए आम जनता से ऑनलाइन राय ली जा रही है। प्रदेश का कोई भी निवासी गूगल फॉर्म के माध्यम से अपनी पसंदीदा प्रजाति के पक्ष में मतदान कर सकता है। वन मंत्री केदार कश्यप ने प्रदेशवासियों से इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया है। उनका कहना है कि जनसहभागिता से चुनी गई राजकीय तितली लोगों में प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाएगी।
रेस में शामिल तीन प्रमुख दावेदार
विशेषज्ञ समिति ने वैज्ञानिक और पर्यावरणीय मानकों को ध्यान में रखते हुए तीन तितलियों को अंतिम सूची में शामिल किया है। इनमें कॉमन बैंडेड पीकॉक, ऑरेंज ओकलीफ और स्पॉट स्वोर्डटेल शामिल हैं।

इन प्रजातियों का चयन राज्य में इनकी उपस्थिति, संरक्षण की आवश्यकता, विशिष्ट पहचान और जनसामान्य में इनकी लोकप्रियता के आधार पर किया गया है।

कौन सी तितली मानी जा रही है सबसे मजबूत
तीनों विकल्पों में कॉमन बैंडेड पीकॉक को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। छत्तीसगढ़ के जंगलों में पाई जाने वाली यह तितली अपने चमकदार हरे और काले पंखों की वजह से आसानी से पहचानी जाती है। सुंदरता, विशिष्टता और पर्यावरण संरक्षण के मानकों पर इसे काफी संतुलित माना गया है। दूसरी ओर ऑरेंज ओकलीफ सूखे पत्ते जैसी अपनी अनूठी बनावट के लिए जानी जाती है, जबकि स्पॉट स्वोर्डटेल अपनी तेज उड़ान के लिए प्रसिद्ध है।

31 अगस्त तक खुली रहेगी वोटिंग प्रक्रिया
वन विभाग के अनुसार प्रदेश के नागरिक 31 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपना वोट दर्ज करा सकते हैं। वोटिंग की समयसीमा समाप्त होने के बाद जनता की राय और विशेषज्ञों की अंतिम सिफारिश के आधार पर राज्य सरकार पहली राजकीय तितली के नाम की औपचारिक घोषणा करेगी।
विभाग ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं और प्रकृति प्रेमियों से अधिक से अधिक मतदान करने का आग्रह किया है।

छत्तीसगढ़ में तितलियों की विविधता और स्थिति
छत्तीसगढ़ के अचनकमार, कांगेर घाटी, उदंती-सीतानदी, इंद्रावती और बारनवापारा जैसे वन्य क्षेत्रों में अब तक 200 से अधिक प्रजातियों की तितलियां दर्ज की जा चुकी हैं।

इनमें कॉमन जेज़ेबेल को सबसे सुंदर और कॉमन ग्रास येलो को राज्य में सबसे आसानी से दिखाई देने वाली तितली माना जाता है। भारत के 10 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों ने पहले ही अपनी राजकीय तितली घोषित कर रखी है। अब छत्तीसगढ़ भी इस सूची में शामिल होने जा रहा है।
यहां करें वोट: CG State Butterfly Voting Process:
| लिंक | स्थिति |
|---|---|
| राजकीय तितली चुने | यहां क्लिक कर वोट करें |
| अन्य सरकारी योजना एवं जानकारी | यहाँ क्लिक करे |
| आधिकारिक वेबसाइट | यहां क्लिक करें |



