
CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम की स्थिति बदलने लगी है। रविवार को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। बीते 24 घंटों में राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आगामी घंटों में तूफानी हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है।
प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी
Today Weather Update: पिछले 24 घंटों के दौरान रामानुजनगर, लोरमी और अकलतरा में 3-3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा ओरछा, लालपुर थाना, बेलतरा, भोपालपटनम, सीपत, बड़े बचेली, अजगरबहार और छोटेडोंगर में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा हुई है। वहीं भैसमा, भैरमगढ़, नारायणपुर, बलौदा, दरभा, बारसूर, पाली, कटघोरा, कोहकामेटा, तोकापाल, पोंडी बचरा, मस्तूरी, हरदीबाजार और अंतागढ़ में भी 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मानसून प्रणालियों के सक्रिय होने से बदला मौसम
CG Today Heavy Rain Alert: मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस समय दो प्रमुख मानसूनी द्रोणिकाएं सक्रिय हैं। पहली द्रोणिका जैसलमेर, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, बांदा, डेहरी और मालदा होते हुए मणिपुर तक फैली हुई है। दूसरी द्रोणिका दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के रास्ते उत्तर-पूर्व बिहार तक बनी है। इन दोनों प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के वातावरण में नमी बढ़ रही है और बारिश की अनुकूल स्थिति बन रही है।

रायपुर में छाए रहेंगे बादल, तापमान में रहेगी स्थिरता
Today Raipur Weather Update:मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहेंगे। शहर के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
दक्षिण बस्तर के जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
CG Monsoon Update: मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, आकाशीय बिजली चमकने और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। यहां के निवासियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में यलो अलर्ट जारी
CG Today Weather News: प्रदेश के 20 से अधिक जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, बालोद, राजनांदगांव, कबीरधाम, मुंगेली, कांकेर और नारायणपुर शामिल हैं। इन क्षेत्रों में 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। प्रशासन ने खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, बड़े पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।



