VIDEO Indian Junior Women Hockey Team: चीन में दम दिखाएंगी छत्तीसगढ़ की बेटियां, भारतीय जूनियर हॉकी टीम में मधु सिदार और गीता यादव का चयन

Geeta Yadav and Madhu Sidar: छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो प्रतिभावान खिलाड़ियों, गीता यादव और मधु सिदार का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी चीन के मोकी शहर में 30 अगस्त से 13 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले जूनियर एशिया कप में देश का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस उपलब्धि से प्रदेश भर के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।

डिप्टी सीएम अरुण साव ने वीडियो कॉल कर दी बधाई

Indian Junior Women Hockey Team Asia Cup: उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने गीता यादव और मधु सिदार से वीडियो कॉल के माध्यम से बात की। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को भारतीय टीम में चुने जाने पर बधाई दी और आगामी मैचों के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों बेटियों की इस सफलता पर खुशी जाहिर की है। दोनों खिलाड़ी बिलासपुर आवासीय अकादमी में वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और मुख्य प्रशिक्षक अजीत लकड़ा की देखरेख में अभ्यास कर रही हैं।

जशपुर के छोटे से गांव की रहने वाली हैं मधु सिदार

मधु सिदार जशपुर जिले के कांसाबेल क्षेत्र अंतर्गत स्थित पोंगरो गांव की निवासी हैं। एक साधारण कृषक परिवार से आने वाली मधु ने अपनी मेहनत के बल पर यह स्थान हासिल किया है। उन्होंने सब-जूनियर नेशनल चैम्पियनशिप, स्कूल नेशनल और हरियाणा में आयोजित सब-जूनियर इंटर जोन चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया था।

राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से भारतीय शिविर तक का सफर

मधु सिदार की टीम ने आंध्र प्रदेश में आयोजित हॉकी इंडिया नेशनल चैम्पियनशिप में चौथा स्थान प्राप्त किया था। इसके अलावा उन्होंने छत्तीसगढ़ में आयोजित देश के पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में भी अपनी छाप छोड़ी। अपने निरंतर बेहतर प्रदर्शन के दम पर मधु अप्रैल 2026 से बेंगलुरु में भारतीय टीम के मुख्य प्रशिक्षण शिविर का हिस्सा बनी हुई हैं।

कबीरधाम की गीता यादव का अंतरराष्ट्रीय अनुभव

कबीरधाम जिले के बोड़ला क्षेत्र की रहने वाली गीता यादव ने हॉकी का शुरुआती अभ्यास अपने पहले कोच शिवा चौहान से लिया। गीता का अंतरराष्ट्रीय करियर वर्ष 2024 से शुरू हुआ था, जब उन्होंने नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे के लिए भारतीय टीम में जगह बनाई थी। इसके बाद वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं।

अर्जेंटीना और ब्रिटेन दौरे पर भी दिखा चुकी हैं हुनर

अंतरराष्ट्रीय मंचों पर गीता यादव का अनुभव भारतीय टीम के लिए काफी मददगार साबित हो सकता है। वे मई 2025 में अर्जेंटीना दौरे और जुलाई 2026 में इंग्लैंड व स्कॉटलैंड दौरे पर भारतीय जूनियर टीम की महत्वपूर्ण सदस्य रह चुकी हैं। लगातार अंतरराष्ट्रीय दौरों के अनुभव के बाद अब वे चीन में होने वाले एशिया कप में भारत को पदक जिताने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।

Also Read: Ayush Pandey India A Squad Selection: 7 साल की उम्र से क्रिकेट खेलने वाले छत्तीसगढ़ के आयुष पांडेय का इंडिया ‘ए’ टीम में चयन, श्रीलंका के खिलाफ करेंगे बल्लेबाजी

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button