
CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधि एक बार फिर तेज हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा वर्षा बलरामपुर और बीजापुर जिले के कुछ इलाकों में हुई है। हालांकि, इस सीजन में अब तक की कुल मानसूनी बारिश सामान्य आंकड़े से करीब 7 प्रतिशत कम रही है। शनिवार शाम को हुई झमाझम बारिश से राजधानी रायपुर के लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है।
रायपुर में तीन डिग्री गिरा पारा, मौसम हुआ सुहावना
Today Raipur Weather Update: शनिवार को हुई बारिश के चलते राजधानी रायपुर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। 7 अगस्त को जो अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, वह शनिवार को करीब 3 डिग्री गिरकर 30 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। आज 9 अगस्त को शहर और आसपास के इलाकों में तापमान में एक डिग्री की मामूली बढ़ोतरी के साथ अधिकतम 31 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है। रायपुर में आज भी बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है।

दुर्ग रहा सबसे गर्म, पेंड्रा रोड में सबसे कम तापमान
CG Today Weather News: पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान का अंतर देखने को मिला। राज्य में सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पेंड्रा रोड में रात का तापमान सबसे कम यानी 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मैदानी इलाकों में बारिश के बाद तापमान में थोड़ी कमी आई है, जिससे लोगों को चिपचिपी गर्मी से राहत मिली है।
बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का दिखेगा असर
CG Today Heavy Rain Alert: मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) बना हुआ है। इस मौसमी प्रणाली के प्रभाव से आज 9 अगस्त को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है। विशेष रूप से उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में भारी बारिश के आसार जताए गए हैं।

22 जिलों के लिए आकाशीय बिजली और बारिश का यलो अलर्ट
CG Weather Update Today: मौसम विभाग ने एहतियात के तौर पर राज्य के 22 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में आज सुबह से ही काले बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। विभाग ने उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने और बारिश होने की चेतावनी दी है।



