छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के इस महिला विधायक के पति का निधन, रायपुर के अस्पताल में ली अंतिम सांस, इन नेताओं ने जताया दुख

छत्तीसगढ़ के राजनीतिक हलके से दुखद खबर आई है। रायगढ़ जिले की लैलूंगा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक विद्यावती सिदार के पति कुंजबिहारी सिदार का निधन हो गया है। उन्होंने राजधानी रायपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही जिले और प्रदेश के राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है।

रायपुर के निजी अस्पताल में चल रहा था इलाज

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार कुंजबिहारी सिदार की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उपचार के लिए रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी था, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं हो सका और उन्होंने दम तोड़ दिया। उनका पार्थिव शरीर रायगढ़ लाया जा रहा है, जहां उनके पैतृक गांव कुंजेमुरा में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

कद्दावर राजनीतिक परिवार से जुड़ाव

कुंजबिहारी सिदार एक प्रतिष्ठित राजनीतिक घराने से ताल्लुक रखते थे। उनके पिता प्रेम सिंह सिदार लैलूंगा क्षेत्र से तीन बार विधायक रह चुके थे। पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए कुंजबिहारी भी क्षेत्रीय राजनीति और सामाजिक गतिविधियों में लगातार सक्रिय बने रहते थे। उनके परिवार में पत्नी विद्यावती सिदार के अलावा एक पुत्र अभिषेक सिदार और एक पुत्री प्रेरणा सिदार हैं।

राजनीतिक रूप से सक्रिय रही हैं विद्यावती सिदार

विद्यावती सिदार का भी अपना लंबा राजनीतिक अनुभव रहा है। वे लैलूंगा सीट से विधायक बनने से पहले जनपद सदस्य और जिला महिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। वे 2018 के विधानसभा चुनाव में भी दावेदार थीं। वर्ष 2020 में उन्होंने जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा था। लगातार जनसंपर्क में रहने के कारण पार्टी में उनकी मजबूत पकड़ बनी रही।

चुनाव जीतकर पहली बार पहुंची हैं विधानसभा

वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने विद्यावती सिदार की सक्रियता को देखते हुए उन्हें लैलूंगा सीट से मैदान में उतारा था। इस चुनाव में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी सुनीति राठिया को 4176 वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की थी। पति के अचानक निधन से विधायक समर्थकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों में भारी शोक व्याप्त है। विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेताप्रतिपक्ष चरणदास महंत एवं विधायक देवेंद्र यादव समेत कई नेताओं ने इस दुखद घड़ी में शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

Also Read: “विधायक का भाई होगा, कोई तोप नहीं”: पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने आबकारी अफसर को फोन पर धमकाया, जानिए फोन पर हुई तीखी बातचीत का पूरा मामला

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button