
Durg Siddhant Dan Case: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शराब पार्टी के दौरान एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक सोमवार रात अपनी गर्लफ्रेंड के घर गया था, जहां अन्य दोस्तों के साथ पार्टी चल रही थी। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। कुछ देर बाद युवक घर की छत पर बेहोश पड़ा मिला। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामला अंजोरा चौकी क्षेत्र का है।
घर में चल रही थी दोस्तों संग पार्टी, तभी शुरू हुआ विवाद
Durg Crime News: जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय सिद्धांत दान सोमवार रात अपनी गर्लफ्रेंड अंजलीना तंवर के घर पहुंचा था। उस समय घर पर अंजलीना के अलावा उसकी सहेली निमिषा, उसका दोस्त गौरव और एक अन्य सहेली ग्रेसी मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि सभी ने देर रात तक बैठकर शराब पी। इसी दौरान सिद्धांत और अंजलीना के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।
अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर पड़ा थप्पड़, गुस्से में छत पर गया युवक
Durg News: प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि शराब के नशे में सिद्धांत ने अंजलीना के साथ गाली-गलौज की। इस बात पर नाराज होकर अंजलीना ने उसे थप्पड़ मार दिया। विवाद होने के बाद सिद्धांत गुस्से में मकान की छत की तरफ चला गया। काफी देर तक जब वह वापस नीचे नहीं आया, तो अंजलीना उसे देखने के लिए ऊपर पहुंची, जहां सिद्धांत अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था।

नर्सिंग छात्रा गर्लफ्रेंड ने दिया CPR, अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
अंजलीना, जो कि एक नर्सिंग की छात्रा है, उसने तुरंत सिद्धांत को होश में लाने का प्रयास किया और उसे सीपीआर दिया। हालांकि उसकी ओर से कोई शारीरिक हलचल नहीं हुई। इसके बाद घर में मौजूद अन्य साथियों की मदद से सिद्धांत को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मंगलवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस को दी गई।
जल्द होने वाली थी दोनों की शादी, पुलिस ने शुरू की जांच
बताया जा रहा है कि सिद्धांत और अंजलीना की जल्द ही शादी होने वाली थी। सिद्धांत पहले एक निजी कंपनी में नौकरी करता था, लेकिन कुछ समय पूर्व उसकी नौकरी छूट गई थी। उसकी मां रायपुर के एक स्कूल में शिक्षिका हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।
घटना के समय मौजूद सभी 4 साथियों से हो रही है पूछताछ
पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना के दौरान मौके पर मौजूद अंजलीना, निमिषा, गौरव और ग्रेसी के विस्तृत बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस सोमवार रात से लेकर मंगलवार सुबह तक हुए पूरे घटनाक्रम की कड़ी से कड़ी जोड़ रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि थप्पड़ मारने और छत पर जाने के बीच आखिर क्या हुआ था।
पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद साफ होगी मौत की वजह
अंजोरा चौकी पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में युवक और उसकी गर्लफ्रेंड के बीच विवाद की बात सामने आई है। हालांकि सिद्धांत की मौत किस वजह से हुई, इसका सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है।



