
CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला बना रहेगा। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अगले तीन दिनों के दौरान भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बारिश के साथ-साथ तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है।
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव का दिख रहा असर
CG Today Weather News: मौसम में आए इस बदलाव का मुख्य कारण उत्तर बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र है। यह सिस्टम पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के तटीय इलाकों के पास सक्रिय है, जिसका चक्रवाती घेरा समुद्र तल से लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले कुछ घंटों में यह और मजबूत होकर अवदाब में बदल सकता है। इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है, जिससे छत्तीसगढ़ के मौसम पर सीधा असर पड़ेगा।
उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में 4 दिनों तक जारी रहेगा बारिश का दौर
CG Monsoon Update: मौसम विभाग की मानें तो इस नए सिस्टम के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ के इलाकों में अगले तीन दिनों तक मूसलाधार बारिश हो सकती है। वहीं अगले चार दिनों तक मध्यम से भारी बारिश का क्रम बना रहेगा। प्रदेश के बाकी हिस्सों में भी बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

पिछले 24 घंटों में सरगुजा संभाग के कई इलाकों में दर्ज हुई अच्छी बारिश
CG Mansoon Alert: बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी हिस्से में अच्छी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। ओड़गी, वाड्रफनगर और डौरा कोचली में सबसे ज्यादा 7-7 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा रघुनाथनगर, चलगली और कुसमी में 5-5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। तमनार, चांदो, मोहला, कोरबा और मैनपाट समेत कई अन्य तहसीलों में भी 2 से 4 सेंटीमीटर तक पानी गिरा है।
राजधानी रायपुर में छाए रहेंगे बादल, तापमान में हल्की गिरावट की उम्मीद
Today Raipur Weather Update: राजधानी रायपुर में आसमान में दिन भर बादल छाए रहने का अनुमान है। शहर के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बीते दिन रायपुर और दुर्ग में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री दर्ज किया गया था, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री अधिक रहा।

मौसम विभाग ने जारी की सुरक्षा संबंधी सलाह
CG Weather Alert: मानसून की सक्रियता को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को एहतियात बरतने को कहा है। बारिश और बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों, बड़े पेड़ों और पानी के स्रोतों के पास न रुकने की सलाह दी गई है। इसके अलावा ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों के निवासियों को स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का सुझाव दिया गया है।



