
CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियों ने एक बार फिर गति पकड़ ली है। बंगाल की खाड़ी और आसपास बने मौसमी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कई क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। राजधानी रायपुर सहित मैदानी और पहाड़ी इलाकों में मेघ गर्जन के साथ हुई छिटपुट से मध्यम बौछारों ने हवा में ठंडक घोल दी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आने वाले दो दिनों तक पूरे प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश का यह सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है।
रायपुर में आज बादलों का डेरा, गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना
Raipur Rain News Today: राजधानी रायपुर में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में आसमान ज्यादातर समय घने बादलों से ढका रहेगा। दिन में कुछ स्थानों पर कड़क के साथ हल्की से मध्यम बौछारें गिर सकती हैं। शहर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलती रहेगी।
सरगुजा और रायपुर संभाग में जमकर बरसे बादल, बिलासपुर सबसे गर्म
CG Today Weather News: मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे के भीतर उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के बड़े हिस्से में बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान सरगुजा और रायपुर संभाग के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा हुई। तापमान के लिहाज से बिलासपुर प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मैदानी क्षेत्र के दुर्ग जिले में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

महासमुंद के बागबाहरा में सर्वाधिक 14 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड
Raipur Today Weather Update: प्रदेश में हुई बारिश के आंकड़ों को देखें तो महासमुंद जिले का बागबाहरा इलाका सबसे आगे रहा, जहां अकेले 14 सेमी पानी गिरा। इसके अलावा महासमुंद, छुरा, राजिम और कोमाखान क्षेत्रों में 11-11 सेमी बारिश दर्ज हुई। आरंग, भटगांव, भाखरा, बिहारपुर और लटोरी में 9-9 सेमी, जबकि कुरुद, प्रतापपुर और गरियाबंद में 8-8 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं मगरलोड, कांसाबेल, कुनकुरी और मनोरा में भी 7-7 सेमी बारिश मापी गई।
रायगढ़, सूरजपुर और सरगुजा के कई इलाकों में भी हुई अच्छी वर्षा
CG Heavy Rain Warning Today: राज्य के कई अन्य हिस्सों में भी बादलों ने जमकर मेहरबानी दिखाई है। छाल, चंद्रपुर, दुलदुला, खरोरा और चलगली में 6-6 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा तमनार, कुटरू, डभरा, अंबिकापुर, गोबरा नवापारा, सूरजपुर, घरघोड़ा, पाटन, रायगढ़, बगीचा, दौरा कोचली, करतला, पुसौर और बलरामपुर में 5-5 सेमी पानी बरसा। वहीं ओडगी, रघुनाथनगर, अभनपुर, तिल्दा, सीतापुर, पलारी, खरसिया, धरसीवां, रामानुजनगर, दुर्ग, वाड्रफनगर, जांजगीर और सारंगढ़ में 4-4 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

बंगाल की खाड़ी के अवदाब और मानसून द्रोणिका से बदला मौसम का मिजाज
CG Weather Update: मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे तटीय इलाकों में एक मजबूत मौसमी तंत्र सक्रिय है। वर्तमान में झारखंड और गंगेटिक पश्चिम बंगाल के ऊपर बना अवदाब (डिप्रेशन) धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा में झारखंड और बिहार की ओर बढ़ रहा है। इसके साथ ही मानसून द्रोणिका फिरोजपुर, देहरादून, शाहजहांपुर, वाराणसी से होते हुए अवदाब के केंद्र और दीघा के रास्ते बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इस संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां काफी तेज हुई हैं।
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम, एक-दो स्थानों पर अति भारी बारिश की चेतावनी
Chhattisgarh Monsoon Alert: मौसम विभाग ने अपने ताजा बुलेटिन में संकेत दिए हैं कि मानसूनी तंत्र के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी। इस दौरान एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी से अति भारी वर्षा होने का अनुमान है। प्रशासन ने निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, ताकि अचानक पानी का जलस्तर बढ़ने पर किसी तरह की असुविधा न हो।



