
Dhamtari News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां बीजापुर में पदस्थ एक पुलिस आरक्षक ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जवान की लाश उनके अपने ही घर में फंदे पर झूलती हुई मिली, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बीजापुर की आमापल्ली में पदस्थ थे आरक्षक रूप नारायण
Roop Narayan Nagvanshi Case: प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक आरक्षक का नाम रूप नारायण नागवंशी था। वे धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कानि डबरी के रहने वाले थे। रूप नारायण बीजापुर जिले के आमापल्ली में आरक्षक के पद पर तैनात थे। वे कुछ दिनों पहले ही अपने बीजापुर स्थित ड्यूटी स्थल से छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव कानि डबरी आए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात कारणों के चलते उन्होंने घर के भीतर फांसी लगा ली।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मामले की सूचना तुरंत अर्जुनी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। फिलहाल अर्जुनी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और जवान द्वारा उठाए गए इस खौफनाक कदम के पीछे की वजहों का पता लगाने में जुटी है।



