
CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में सावन के अंतिम सोमवार को मानसून की जोरदार बारिश देखने को मिली। राजधानी रायपुर में दिनभर हुई बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रायपुर शहर में 12 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा बस्तर संभाग के अधिकांश हिस्सों सहित रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम के कारण अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश का यह दौर बना रहेगा, जिसके बाद बारिश की गतिविधियों में थोड़ी कमी आ सकती है।
प्रदेश में बारिश आंकड़े
CG Today Weather News: प्रदेश में सोमवार को हुई बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे ज्यादा बारिश छोटेडोंगर में 18 सेंटीमीटर दर्ज की गई। इसके अलावा अंतागढ़ और बास्तानार में 16-16 सेंटीमीटर बारिश हुई। चलगली, माकड़ी, बड़े बचेली, दौरा कोचली और नारायणपुर में 13-13 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। तापमान की बात करें तो सोमवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान अंबिकापुर में 31.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान जगदलपुर में 21.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर का मौसम हाल
Raipur Today Weather News राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह से ही हल्की धूप खिली हुई है। हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि दिन बढ़ने के साथ ही आसमान में बादल छाए रहेंगे और शहर के कुछ हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश या हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मंगलवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।

सक्रिय नया मौसमी सिस्टम
CG Today Heavy Rain Alert: मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस समय पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही एक चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़ और झारखंड होते हुए 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक एक द्रोणिका फैली हुई है। इन मौसमी प्रणालियों के असर से राज्य में नमी आ रही है, जिससे अगले 48 घंटों तक कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी।



