
CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से पूरे प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां जारी हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इसके अगले 24 घंटे तक एक्टिव रहने के आसार हैं। मंगलवार को प्रदेश के कई इलाकों में पानी गिरा, जबकि सरगुजा को छोड़कर अन्य सभी संभागों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई। राज्य में अब तक मौसमी वर्षा का आंकड़ा सामान्य के आसपास रहा है, जिसमें महज 2 प्रतिशत का अंतर दर्ज किया गया है।
एक्टिव मौसमी सिस्टम का असर
Chhattisgarh Rain Alert: मौसम विभाग ने बताया कि झारखंड और उसके आसपास के इलाकों में बना निम्न दबाव का क्षेत्र उसी स्थान पर बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है और दक्षिण की ओर झुका हुआ है। इस सिस्टम के अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना जताई गई है। इसके आगे बढ़ने से राज्य में मानसूनी गतिविधियों में कमी आने के आसार हैं।

रायपुर में आज का मौसम
CG Today Weather News: मौसम विभाग के अनुसार राजधानी रायपुर में आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। शहर के कुछ हिस्सों में एक-दो बार गरज-चमक के साथ बारिश या बौछारें पड़ने का अनुमान जताया गया है। मंगलवार को रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सुबह से ही शहर में हल्की नमी और हवा का प्रभाव बना हुआ है।
10 जिलों में यलो अलर्ट
CG Today Heavy Rain Alert: मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 से अधिक जिलों के लिए तात्कालिक अलर्ट जारी किया है। जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन, आकाशीय बिजली चमकने और हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई गई है। इन जिलों के नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

बीते 24 घंटे का हाल
CG Weather Update: पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वर्षा के आंकड़ों पर नजर डालें तो दंतेवाड़ा के बड़े बचेली में सर्वाधिक 17 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा ओडगी में 12 सेमी, राजिम में 11 सेमी तथा कुटरू, गोबरा नवापारा और मस्तूरी में 10-10 सेमी बारिश दर्ज की गई है।
विभिन्न जिलों में दर्ज बारिश
Chhattisgarh Climate Update:प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी वर्षा दर्ज की गई है। गंगालूर, भोपालपट्टनम और बीजापुर में 9-9 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। बिहारपुर, मंदिर हसौद, अकलतरा और कोरबा में 8-8 सेमी तथा भैसमा, उसूर, माना-रायपुर, कुरूद और महासमुंद में 7-7 सेमी पानी गिरा। वहीं तमनार, आरंग, लैलूंगा, बलौदाबाजार, खरोरा और सुकमा में 6-6 सेमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि कई स्थानों पर हल्की बौछारें पड़ी हैं।



