
CG School New Rules: छत्तीसगढ़ में स्कूली शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने और कक्षाओं में पढ़ाई का माहौल तैयार करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। रायपुर के दीनदयाल ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण के सख्त निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने स्कूलों में यूट्यूबरों और बिना अनुमति आने वाले बाहरी लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने के आदेश जारी किए हैं। मंत्री ने कहा कि स्कूल परिसर का माहौल पूरी तरह से पठन-पाठन के अनुकूल होना चाहिए।
ऑनलाइन हाजिरी के बाद पढ़ाना भी होगा अनिवार्य
CG School Education Masterplan: समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री गजेंद्र यादव ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण का उद्देश्य केवल शिक्षकों की उपस्थिति जांचना नहीं है। अधिकारी यह भी देखेंगे कि कक्षाओं में पढ़ाई हो रही है या नहीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ऑनलाइन हाजिरी लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना उनकी पहली जिम्मेदारी है। अब से ब्लॉक और संकुल स्तर के अधिकारी नियमित रूप से मैदान में उतरकर स्कूलों की निगरानी करेंगे और शिक्षण व्यवस्था की पड़ताल करेंगे।
हर स्कूल में तैयार होगी विद्यार्थियों की बैंड पार्टी
CG Shikshak Bharti Update: छात्र-छात्राओं के भीतर अनुशासन और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने के लिए विभाग ने हर स्कूल में बैंड पार्टी का गठन करने की योजना बनाई है। इस गतिविधि में एनसीसी, एनएसएस और स्काउट-गाइड से जुड़े विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा मार्च पास्ट, स्थानीय खेलों और पारंपरिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। शनिवार के बैगलेस डे के दिन योग, खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
छात्राओं के लिए कराटे ट्रेनिंग और 8 हजार नए शौचालय
Chhattisgarh Education News: छात्राओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई नई घोषणाएं की गई हैं। राज्य के स्कूलों में बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कराटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके लिए मास्टर ट्रेनर तैयार किए जा रहे हैं। बुनियादी सुविधाओं में सुधार करते हुए प्रदेशभर के स्कूलों में 8 हजार से अधिक नए शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, पुरानी और जर्जर इमारतों की मरम्मत कराने और अत्यधिक खराब भवनों की जगह नए परिसर बनाने के प्रस्ताव मांगे गए हैं।
5 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया में आएगी तेजी
प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए मंत्री ने 5 हजार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही स्मार्ट क्लासरूम के जरिए डिजिटल पढ़ाई को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है, ताकि किसी शिक्षक की अनुपस्थिति में भी बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो। टीईटी के संबंध में उन्होंने कहा कि पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के नियमों का अध्ययन कर छत्तीसगढ़ में भी आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।
रायपुर में हर महीने के तीसरे सप्ताह होगी समीक्षा
शिक्षा विभाग के कामकाज में कसावट लाने के लिए अब हर महीने रायपुर में समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। महीने के तीसरे सप्ताह में होने वाली इस बैठक में जिलावार रिपोर्ट पेश की जाएगी, जिसमें विद्यार्थियों की उपस्थिति और शैक्षणिक प्रगति का ब्योरा शामिल होगा। इसके अलावा स्कूलों में मंत्रोच्चारण की व्यवस्था पर बात करते हुए मंत्री ने कहा कि इसका उद्देश्य किसी प्रकार का प्रचार पाना नहीं, बल्कि बच्चों में नैतिक मूल्यों और संस्कारों का विकास करना है।



