
Bilaspur Violence News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर स्थित सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज इलाके में आधी रात को माहौल अचानक बिगड़ गया। सोशल मीडिया पर की गई एक विवादित टिप्पणी को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों तरफ से जमा हुई भीड़ ने एक-दूसरे पर जमकर लाठी-डंडे चलाए और पथराव किया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। सड़कों पर देर रात तक नारेबाजी होती रही, जिससे आसपास के निवासियों में डर का माहौल बन गया।

पुलिस टीम पर पथराव, TI के सिर में आई चोट और आंसू गैस के गोले दागे
Bilaspur Khaparganj Crime: झड़प की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर स्थिति को संभालने पहुंची। भीड़ इतनी उग्र थी कि उसने पुलिस वाहनों और जवानों को निशाना बनाकर पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में तारबाहर थाने के टीआई रविशंकर तिवारी के सिर पर पत्थर लगने से वे घायल हो गए, जबकि कुछ अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं। हिंसक वारदात के दौरान चाकूबाजी में तीन स्थानीय युवक भी घायल हुए हैं। स्थिति बेकाबू होते देख पुलिस ने बल प्रयोग किया और भीड़ को खदेड़ने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े, तब जाकर उपद्रवी तीतर-बितर हुए।

Collector और SSP ने संभाला मोर्चा, थाने में बुलाई गई शांति बैठक
Bilaspur Police Alert: घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने इलाके में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही स्थानीय विधायक सुशांत शुक्ला और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी कोतवाली थाने पहुंचे। प्रशासन ने स्थानीय प्रमुखों और युवकों के साथ बैठक कर समझाइश दी और शांति बनाए रखने की अपील की। प्रशासनिक तत्परता के कारण देर रात माहौल को नियंत्रण में लिया जा सका।

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात, उपद्रवियों की पहचान में जुटी पुलिस
Bilaspur Tarbahar TI Injured: घटना के बाद खपरगंज और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की दोबारा अफवाह या हिंसा न फैल सके। वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, स्थिति फिलहाल पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति बनी हुई है। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और पथराव, चाकूबाजी तथा हिंसा में शामिल उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।



