
CG Weather Update Today: बंगाल की खाड़ी और उससे सटे इलाकों में बने सुस्पष्ट निम्न दबाव के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश की गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान सरगुजा और रायपुर संभाग के जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई है। हालांकि चालू मानसून सीजन में अब तक राज्य में औसतन सामान्य से करीब 2 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
2 सितंबर से बारिश की तीव्रता में आएगी कमी
CG Today Weather News: मौसम वैज्ञानिकों ने जानकारी दी है कि गंगीय पश्चिम बंगाल, उत्तरी तटीय ओडिशा और उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक मजबूत निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 2 सितंबर से राज्य में बारिश की गतिविधियों और इसकी तीव्रता में कमी देखने को मिलेगी, जिससे लोगों को जलभराव और सीलन से राहत मिलने की उम्मीद है।

रायपुर में छाए रहेंगे बादल, हल्की से मध्यम वर्षा के आसार
CG Today Raipur Weather News:राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार दिन भर आसमान में घनघोर बादल बने रहेंगे और रुक-रुक कर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान शहर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
सुकमा से लेकर बलरामपुर तक 28 जिलों के लिए यलो अलर्ट
CG Monsoon Alert: मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह राज्य के 28 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। जारी चेतावनी के अनुसार सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों में चांदो और कोटाडोल में हुई सर्वाधिक वर्षा
Chhattisgarh Rainfall Statistics: प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई बारिश के आंकड़े भी सामने आए हैं। सबसे ज्यादा 29 सेंटीमीटर बारिश चांदो में दर्ज की गई। इसके अलावा कोटाडोल में 17, कुसमी में 13, प्रतापपुर और शंकरगढ़ में 12-12, सामरी में 9 तथा भखारा, धमतरी और रायपुर में 7-7 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है। वहीं बलरामपुर, कुकरेल, केल्हारी और डौरा कोचली सहित अन्य क्षेत्रों में 4 से 6 मिलीमीटर के बीच हल्की बारिश दर्ज हुई है।



