
CG Weather Update Today: बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई क्षेत्रों में बादलों की गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह मौसमी सिस्टम अगले 48 घंटों में उत्तरी ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड से होता हुआ पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ेगा।
रायपुर में छाए रहेंगे बादल, बौछारें पड़ने का अनुमान
CG Today Raipur Weather News: राजधानी रायपुर में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। तापमान की बात करें तो रायपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया गया है। हवा में नमी के कारण लोगों को उमस से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 40 से 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
CG Today Weather News: मौसम केंद्र ने राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की है। रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा बस्तर, दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर संभाग के बाकी जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मंगलवार को बलरामपुर जिले में दर्ज की गई रिकॉर्ड बारिश
CG Monsoon Alert: इससे पहले मंगलवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्ज की गई, जबकि बलरामपुर जिले के कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश दर्ज हुई। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 31 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बलरामपुर में 15 सेमी बारिश, कई तहसीलों में जलभराव की स्थिति
Chhattisgarh Rainfall Statistics: प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश बलरामपुर जिले के चांदो में 15 सेंटीमीटर दर्ज की गई। इसके अलावा रामचंद्रपुर में 12 सेमी, रामानुजगंज और वाड्रफनगर में 8-8 सेमी, जबकि बलरामपुर, कुसमी, सामरी, रघुनाथनगर और राजपुर में 7-7 सेमी बारिश हुई। चलगली और शंकरगढ़ में 6-6 सेमी, बलौदाबाजार, सोनाखान और जनकपुर-भरतपुर में 5-5 सेमी वर्षा दर्ज की गई। कई अन्य स्थानों पर भी 3 से 4 सेंटीमीटर बारिश होने से निचले इलाकों में पानी भर गया है।



