
Vice President CG Visit: देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार को अपने एक दिवसीय तय कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे। स्वामी विवेकानंद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने के साथ ही उनका औपचारिक स्वागत किया गया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होना रहा। कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
Vice President Raipur Visit: उपराष्ट्रपति का विमान सुबह रायपुर के स्वामी विवेकानंद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। एयरपोर्ट पर राज्य के प्रमुख प्रशासनिक और राजनीतिक दिग्गजों ने उनकी अगवानी की। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और वन एवं पर्यावरण मंत्री केदार कश्यप ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उपराष्ट्रपति का स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एम्स परिसर के लिए रवाना हुआ।
एम्स रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि बने उपराष्ट्रपति
AIIMS Raipur News:एम्स रायपुर के ऑडिटोरियम में आयोजित तीसरे दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने सफल छात्र-छात्राओं को उपाधियां और पदक प्रदान किए। एम्स रायपुर केंद्र सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत स्थापित प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में से एक है। समारोह में संस्थान के चिकित्सकों, प्राध्यापकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।
दोपहर में दिल्ली लौटने का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
दीक्षांत समारोह की समाप्ति के बाद दोपहर 12:20 बजे से 12:35 बजे तक का समय उपराष्ट्रपति के लिए आरक्षित रखा गया। निर्धारित समय सारणी के अनुसार वे दोपहर 12:35 बजे एम्स परिसर से स्वामी विवेकानंद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए रवाना हुए। वे दोपहर लगभग 1:15 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां 10 मिनट के संक्षिप्त विदाई कार्यक्रम के बाद दोपहर 1:25 बजे विशेष विमान से वापस नई दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।



