
Durg Hospital Viral Video: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला अस्पताल परिसर स्थित अटल आरोग्य लैब में ड्यूटी के दौरान रील बनाने का मामला सामने आने के बाद सख्त प्रशासनिक कदम उठाया गया है। लैब में पदस्थ तीन महिला टेक्नीशियनों को उनकी इस लापरवाही के चलते सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। सिविल सर्जन की ओर से जारी नोटिस और विभागीय जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित कंपनी एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड ने तीनों कर्मचारियों की बर्खास्तगी का आदेश जारी कर दिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था टेस्ट ट्यूब लेकर कैटवॉक का वीडियो
Durg News: अटल आरोग्य लैब की तीन महिला टेक्नीशियनों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी प्रसारित हुआ था। इस वीडियो में कर्मचारी लैब के भीतर काम के समय अलग-अलग तरीके से रील बनाती हुई दिख रही थीं। एक दृश्य में कर्मचारी हाथ में टेस्ट ट्यूब लेकर कैटवॉक करती नजर आई, तो वहीं दूसरे वीडियो में लैब की कुर्सियों पर बैठकर मस्ती करती दिखीं। वीडियो के सार्वजनिक होने के बाद अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग की साख पर सवाल उठने लगे थे।
सिविल सर्जन ने लैब प्रभारी को नोटिस जारी कर मांगा था जवाब
Chhattisgarh Viral News: मामले की जानकारी मिलते ही दुर्ग जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉक्टर आशीषन मिंज ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अटल आरोग्य लैब के प्रभारी डॉक्टर जेपी मेश्राम को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा। नोटिस में यह पूछा गया कि संवेदनशील स्थान पर ड्यूटी के दौरान इस तरह का वीडियो कैसे बनाया गया और उस समय वहां मौजूद जिम्मेदार अधिकारियों की क्या भूमिका थी। लैब प्रभारी ने मामले की रिपोर्ट एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड के उच्च अधिकारियों को भेजी।
देखें वीडियो-
एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड ने तीनों कर्मचारियों को किया बर्खास्त
Durg District Hospital Action: सिविल सर्जन की नोटिस और लैब प्रभारी की सिफारिश के आधार पर एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड ने तुरंत कार्रवाई की। वीडियो में दिख रही तीनों महिला टेक्नीशियनों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गईं। डॉक्टर मिंज ने पुष्टि करते हुए बताया कि कंपनी ने अपने स्तर पर जांच पूरी करने के बाद यह कदम उठाया है। विभाग अब यह भी पता लगा रहा है कि रील बनाने के दौरान मरीजों के सैंपल या जांच प्रक्रिया पर कोई विपरीत प्रभाव पड़ा था या नहीं।
राज्य सरकार और एचएलएल के सहयोग से संचालित होती है अटल आरोग्य लैब
Durg Atal Arogya Lab Case:छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के नागरिकों को मुफ्त और आधुनिक स्वास्थ्य जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अटल आरोग्य लैब योजना की शुरुआत की है। इस योजना का संचालन सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड के सहयोग से किया जाता है। अस्पतालों में मरीजों के सैंपल की सटीक जांच और गोपनीयता बनाए रखना इस सेवा का मुख्य उद्देश्य है, ऐसे में लैब के भीतर इस तरह की लापरवाही को बेहद गंभीर माना गया।
गलत एचआईवी जांच रिपोर्ट को लेकर भी विवादों में रही है यह लैब
अटल आरोग्य लैब हाल ही में अपनी जांच रिपोर्ट में आई गड़बड़ी को लेकर भी चर्चा में आई थी। कुछ दिन पहले जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती एक 24 वर्षीय युवक की एचआईवी रिपोर्ट इस लैब से पॉजिटिव आई थी। मरीज और उसके परिजनों द्वारा रिपोर्ट पर संदेह जताने के बाद जब दोबारा जांच कराई गई, तो रिपोर्ट निगेटिव निकली। इस घटना के बाद भी अस्पताल प्रबंधन ने लैब से जवाब तलब किया था।



