क्या आप भी करते हैं चार्जर के तार के साथ ये प्रयोग?  मोबाइल चार्जिंग के दौरान करंट लगने से युवक की मौके पर मौt

Surguja Electrocution Incident: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में मोबाइल फोन चार्ज करने के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है। उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डोई में एक युवक को चार्जर की केबल में अलग से तार जोड़कर बिजली बोर्ड में लगाना महंगा पड़ गया। प्लग में तार लगाते ही युवक को बिजली का तेज झटका लगा, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चार्जर केबल छोटी होने पर अलग से जोड़ा था खुला तार

Charger Cable Accident: हादसे का शिकार हुआ 22 वर्षीय युवक रविन्द्र सिंह अपने घर पर मोबाइल चार्ज कर रहा था। चार्जर की ओरिजिनल केबल छोटी होने के कारण उसने उसमें अलग से अतिरिक्त खुला तार जोड़ रखा था। जैसे ही उसने इस तार को सीधे बिजली के स्विच बोर्ड में लगाकर बटन ऑन किया, उसी समय उसके दोनों हाथों की तर्जनी उंगलियां नंगे तार के संपर्क में आ गईं। जोरदार झटका लगने की वजह से वह फर्श पर गिरकर तड़पने लगा।

चाचा ने स्विच बोर्ड से निकाला तार, अस्पताल में मृत घोषित

CG Surguja News: हादसे के वक्त मृतक का चाचा ठाकुर सिंह किसी काम से उसके घर पहुंचा था। अंदर दाखिल होते ही उसने अपने भतीजे को जमीन पर तड़पते हुए देखा। रविन्द्र ने चिल्लाकर अपने चाचा से तार छुड़ाने की गुहार लगाई। ठाकुर सिंह ने तुरंत समझदारी दिखाते हुए स्विच बोर्ड से तार खींचा, लेकिन तब तक रविन्द्र बुरी तरह झुलस चुका था। परिजन उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, जांच जारी

घटना की जानकारी मिलते ही उदयपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला नंगे तार से करंट लगने का ही लग रहा है, फिर भी विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।

बिजली के उपकरणों के साथ न करें खतरनाक प्रयोग

Electrical Safety News: इस दुखद घटना के बाद स्थानीय पुलिस और विशेषज्ञों ने आम लोगों से इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ किसी भी तरह का खतरनाक जुगाड़ न करने की अपील की है। कटे-फटे तार, बिना प्लग के खुले तार सीधे बोर्ड में लगाना या लोकल चार्जर केबल में जोड़-तोड़ करना जानलेवा साबित हो सकता है। बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल करते समय हमेशा सुरक्षा मानकों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।

Also Read: Dhamtari Mobile Blast: मोबाइल ब्लास्ट से धमतरी जिले के युवक की दर्दनाक मौत, बिजली गिरते ही हुआ हादसा

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button