भैसमुंडी में शराब पीने से मना करने पर हथौड़ा से पत्नी के सिर पर किया जानलेवा हमला, मगरलोड पुलिस ने पति को भेजा जेल

Magarlod News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ग्राम भैसमुंडी में शराब के नशे में धुत पति ने मामूली बात पर हुए विवाद के बाद अपनी ही पत्नी पर लोहे के हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसका इलाज धमतरी के जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

शराब पीने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद

घटना 2 सितंबर की रात की है। ग्राम भैसमुंडी निवासी 36 वर्षीय चम्मन लाल साहू शराब के अत्यधिक नशे में अपने घर लौटा था। घर पहुंचने पर जब उसकी पत्नी किरण साहू ने उसे रोज-रोज शराब पीने से मना किया और इस पर आपत्ति जताई, तो आरोपी आपा खो बैठा। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और विवाद काफी बढ़ गया।

लोहे के हथौड़े से सिर पर किए कई वार

विवाद के दौरान आरोपी चम्मन लाल साहू ने गुस्से में आकर घर में रखे लोहे के हथौड़े से पत्नी के सिर पर कई बार ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में महिला का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। घायल महिला की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजनों ने तुरंत डायल-112 को सूचना दी।

डायल-112 की मदद से घायल महिला को पहुंचाया गया अस्पताल

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड में भर्ती कराया। प्राथमिक जांच के बाद महिला की स्थिति को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया, जहां उसका गहन इलाज जारी है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जब्त किया हथौड़ा

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए धमतरी पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मगरलोड पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना मगरलोड में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी चम्मन लाल साहू को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने उसकी निशानदेही से घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का हथौड़ा बरामद कर जब्त कर लिया।

आरोपी पति को कोर्ट में पेश कर भेजा गया जेल

पुलिस ने साक्ष्य जुटाने और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी चम्मन लाल साहू को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।.

Also Read: मेघा पुल के पास महिला से दो युवकों ने किया दुष्कर्म, नौकरी का झांसा देकर हैवानियत, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button