
CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियों के सुस्त पड़ने से बारिश की रफ्तार थम गई है। धूप निकलने के कारण बीते कुछ दिनों से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में लोग उमस भरी गर्मी से हलकान हो रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को भी मौसम के रुख में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि बुधवार से एक बार फिर राज्य में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने के आसार जताए गए हैं। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में हुई मौसमी बारिश सामान्य के करीब रही है, जिसमें महज 5 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
आगामी 24 से 48 घंटों में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज
CG Today Weather News: मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। इस दौरान एक-दो क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है। वहीं अगले 48 घंटों के भीतर मानसूनी प्रणाली के दोबारा सक्रिय होने से बारिश का दायरा बढ़ेगा। कई जिलों में मध्यम वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।

दुर्ग में दर्ज हुआ सबसे अधिक तापमान, पेंड्रा रोड रहा सबसे ठंडा
Raipur Weather Today: सोमवार को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में केवल हल्की फुहारें दर्ज की गईं। तापमान की बात करें तो मैदानी इलाकों में तीखी धूप के कारण पारे में बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश भर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दुर्ग जिले में 33.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज हुआ। राजधानी रायपुर में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

बलरामपुर और दंतेवाड़ा समेत इन इलाकों में दर्ज की गई बारिश
Chhattisgarh Rain Update: बीते 24 घंटों में राज्य के गिने-चुने इलाकों में ही वर्षा दर्ज हुई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बलरामपुर जिले के कुसमी में सर्वाधिक 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा दंतेवाड़ा के कटेकल्याण में 3 सेमी, कुआकोंडा और बस्तर के नानगुर में 2-2 सेमी बारिश हुई। वहीं वाड्रफनगर, गादीरास, अमलीपदर, बकावंड, पेंड्रा और बीजापुर के गंगालूर में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है।



