
Bhanupratappur Liquor Case: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में अवैध शराब कारोबार से जुड़ी एक बड़ी धांधली सामने आई है। बसंत नगर स्थित एक किराए के मकान से पुलिस ने भारी मात्रा में शराब की खाली बोतलें, ढक्कन, नकली स्टीकर और होलोग्राम जब्त किए हैं। मामला उजागर होने के बाद आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने कड़ा रुख अपनाते हुए जिला आबकारी अधिकारी को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही दोषी आबकारी निरीक्षक, सेल्समैन और प्लेसमेंट कर्मियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने के आदेश जारी किए गए हैं।
किराए के मकान में चल रहा था अवैध कारोबार
Kanker News: भानुप्रतापपुर पुलिस को शराब परिवहन के संदेह में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान इस ठिकाने का पता चला था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम बसंत नगर स्थित किराए के कमरे पर अचानक छापा मारा। तलाशी के दौरान कमरे के भीतर लावारिस हालत में शराब की पैकेजिंग से जुड़ी सामग्री रखी मिली। पुलिस को अंदेशा है कि इस जगह का इस्तेमाल ब्रांडेड अंग्रेजी शराब में मिलावट करने या नकली शराब तैयार कर बाजार में खपाने के लिए किया जा रहा था।
4400 से ज्यादा खाली बोतलें और पौवा जब्त
CG Excise Department Action: पुलिस की इस छापेमारी में अलग-अलग लोकप्रिय ब्रांडों की कुल 4409 खाली बोतलें और पौवा बरामद किए गए हैं। इसके अलावा कमरों में गत्तों के भीतर भरकर रखे गए 3380 प्लास्टिक व धातु के ढक्कन भी मिले हैं। जब्त सामग्री की विशाल मात्रा को देखते हुए पुलिस यह अनुमान लगा रही है कि यहां लंबे समय से अवैध पैकेजिंग का काम चल रहा था। फिलहाल मकान मालिक और कमरा किराए पर लेने वाले मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है।
105 पत्ता नकली स्टीकर और होलोग्राम बरामद
CG Liquor Scam Update: कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से विभिन्न नामी शराब ब्रांडों के 105 पत्ता स्टीकर और होलोग्राम भी जब्त किए हैं। इनमें रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंज और मैकडॉवल नंबर-1 जैसे लोकप्रिय ब्रांड्स के फर्जी लेवल शामिल हैं। इन नकली होलोग्राम का उपयोग अवैध रूप से तैयार की गई शराब को असली बताकर बेचने में किया जाना था। इस जब्ती ने आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

30 भरे हुए पौवा और देशी-विदेशी शराब जब्त
खाली बोतलों और ढक्कनों के अलावा पुलिस को मौके से जम्मू स्पेशल व्हिस्की के 30 भरे हुए पौवा भी मिले हैं। इनमें करीब 5.4 लीटर तैयार शराब मौजूद थी। पुलिस ने इन सभी सामग्रियों को जब्त कर सील कर दिया है और मालखाने में जमा करा दिया है। शुरुआती जांच से पता चलता है कि बरामद शराब में मिलावट कर उसे ज्यादा मात्रा में तैयार करने की योजना बनाई गई थी।
आबकारी मंत्री की सख्ती, DEO सस्पेंड और FIR दर्ज
घटना की जानकारी मिलते ही आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने विभागीय लापरवाही पर सख्त रवैया अपनाया। उन्होंने तत्काल प्रभाव से जिला आबकारी अधिकारी (DEO) को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया। इसके अलावा क्षेत्र के आबकारी इंस्पेक्टर, दुकान के सेल्समैन और संबंधित प्लेसमेंट कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेजने के स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। पुलिस मामले के तार दूसरे जिलों से जुड़े होने की भी जांच कर रही है।



