
CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियों में एक बार फिर तेजी दर्ज की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम केंद्र रायपुर ने 12 से 16 सितंबर तक राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा का पूर्वानुमान जताया है। शुरुआती दो दिनों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने का जोखिम अधिक रहने के कारण लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
प्रदेश के 26 जिलों में वज्रपात और बारिश की चेतावनी
CG Today Weather News: मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर, बिलासपुर, मुंगेली, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती, कबीरधाम, बेमेतरा, दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, खैरागढ़, मोहला-मानपुर, बलौदाबाजार, महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद, सारंगढ़-बिलाईगढ़, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा और बीजापुर सहित 26 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश होने के साथ-साथ एक-दो स्थानों पर तेज मेघ गर्जन और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। लगातार हो रही वर्षा से प्रदेश के कई नदी-नाले पहले से ही उफान पर हैं, जिससे निचले इलाकों में पानी भरने लगा है।

12 से 16 सितंबर तक ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज
CG Monsoon Update: मौसम वैज्ञानिकों द्वारा जारी 5 दिवसीय पूर्वानुमान के मुताबिक 12 और 13 सितंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। इन दो दिनों में बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। इसके बाद 14, 15 और 16 सितंबर को राज्य के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा होने की संभावना है। हालांकि 14 सितंबर से मौसम विभाग ने कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है, लेकिन कई जिलों में फुहारें और हल्की बारिश की स्थिति बनी रहेगी।

खराब मौसम के दौरान लोगों को सुरक्षित रहने की सलाह
Today Raipur Weather News: मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली और भारी बारिश के खतरे को देखते हुए आम नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की है। गरज-चमक और बारिश के दौरान लोगों को खुले मैदानों, खेतों, तालाबों और ऊंचे वृक्षों के नीचे खड़े होने से बचने की हिदायत दी गई है। इसके अलावा उफनते नदी-नालों को पार न करने और खराब मौसम के समय सुरक्षित पक्के मकानों में शरण लेने की अपील की गई है ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।



