छत्तीसगढ़ राजनीति में बड़ा भूचाल, बीजेपी के कई पूर्व विधायक कांग्रेस के संपर्क, जल्द होगा सकता कांग्रेस में बड़ा प्रवेश, PCC चीफ दीपक बैज का दावा

CG Politics Deepak Baij Claim: छत्तीसगढ़ के सियासी हलकों में इन दिनों रोज नए राजनीतिक दावों को लेकर गहमागहमी बनी हुई है। हाल ही में पीएम आवास योजना के मुद्दे पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीच खुली बहस देखने को मिली थी। अब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष दीपक बैज ने एक बड़ा बयान देकर राजनीतिक माहौल फिर गरमा दिया है। बैज ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक जल्द ही कांग्रेस में शामिल होने जा रहे हैं।

आधा दर्जन से ज्यादा पूर्व विधायक कांग्रेस के संपर्क में

CG Politics Big Statement Deepak Baij:मीडिया से बातचीत करते हुए पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि सत्तारूढ़ दल बीजेपी के भीतर इस समय भारी असंतोष और भगदड़ की स्थिति है। उन्होंने दावा किया कि आधा दर्जन से अधिक पूर्व विधायक लगातार कांग्रेस नेतृत्व के संपर्क में हैं। आने वाले दिनों में पार्टी में एक बड़ा प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। बैज का कहना है कि जो नेता चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए थे, उनमें से भी कई लोग अब वापस लौटने की राह तलाश रहे हैं।

ढालदास साहेब के पाला बदलने के बाद शुरू हुई चर्चा

CG BJP Leaders To Join Congress: दीपक बैज के इस दावे को हाल ही में हुए एक राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री खुशवंत साहेब के भाई ढालदास साहेब ने हाल ही में भारतीय जनता पार्टी का साथ छोड़कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया था। इस घटनाक्रम के तुरंत बाद आए पीसीसी अध्यक्ष के बयान ने सियासी गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। कांग्रेस का मानना है कि यह बदलाव आने वाले दिनों में होने वाली बड़ी टूट की एक शुरुआत मात्र है।

दूसरी तरफ कांग्रेस में भी गुटबाजी की खबरें तेज

Congress Vs BJP Political War: एक ओर जहां दीपक बैज बीजेपी नेताओं के कांग्रेस में आने का दावा कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर खुद कांग्रेस पार्टी के भीतर गुटबाजी और खींचतान की खबरें रह-फिरकर सामने आती रहती हैं। हाल ही में वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव, चरणदास महंत और विधायक देवेंद्र यादव को एक ही गाड़ी में सफर करते देखा गया था, जिसके बाद पार्टी के अंदर अलग गुट बनने की अटकलें लगाई जाने लगी थीं। हालांकि बाद में अंबिकापुर में आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व सीएम भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव एक साथ एक ही मंच पर नजर आए थे।

पहले भी कई बार ऐसे दावे कर चुके हैं पीसीसी चीफ

राजनीतिक जानकारों का कहना है कि दीपक बैज द्वारा बीजेपी में टूट का दावा किया जाना कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी वे कई मौकों पर विपक्षी नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने के दावे करते रहे हैं। हालांकि अब तक राज्य की सत्ताधारी पार्टी में कोई बड़ा बिखराव या बड़ी टूट देखने को नहीं मिली है। ऐसे में बीजेपी नेता बैज के बयानों को केवल ध्यान भटकाने वाली बयानबाजी बता रहे हैं।

आने वाले समय में दिलचस्प होगी राज्य की राजनीति

छत्तीसगढ़ में भले ही विधानसभा चुनाव में अभी वक्त हो, लेकिन दोनों ही मुख्य दल एक-दूसरे पर राजनीतिक दबाव बनाने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। बीजेपी जहां सरकार के काम-काज के दम पर अपनी स्थिति मजबूत बता रही है, वहीं कांग्रेस विपक्ष में रहते हुए आक्रामक रुख अपनाए हुए है। अब देखना यह होगा कि दीपक बैज के इन दावों में कितनी सच्चाई निकलती है और आने वाले दिनों में राज्य का सियासी ऊंट किस करवट बैठता है।

Also Read: छत्तीसगढ़ कांग्रेस का बड़ा फैसला, 20 नेताओं का निष्कासन रद्द, जानिए किन नेताओं ने की घर वापसी

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button