
Garba Partner Rate List Viral News: नवरात्रि का त्योहार शुरू होने से ठीक पहले छत्तीसगढ़ के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक अजीबोगरीब पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। इस पोस्ट में 1000 रुपये से लेकर 6000 रुपये तक में किराए पर गरबा पार्टनर उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा है। पोस्ट सामने आते ही राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में इसका कड़ा विरोध शुरू हो गया है। स्थानीय लोगों ने इसे पर्व की मर्यादा के खिलाफ बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। रायपुर पुलिस की साइबर सेल ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है।

सिल्वर से प्लेटिनम तक के पैकेज और अश्लील ऑफर
Garba Partner Package Online Scam: सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे विज्ञापनों में बकायदा अलग-अलग पैकेज की दरें तय की गई हैं। सिल्वर पैकेज की कीमत 1,000 से 2,500 रुपये रखी गई है, जबकि गोल्ड पैकेज 5,000 रुपये और प्लेटिनम पैकेज 6,000 रुपये में देने की बात कही गई है। इन पैकेजों के तहत दो घंटे तक साथ में गरबा करने, मैचिंग कपड़े पहनने और तस्वीरें खिंचवाने की सुविधाएं शामिल की गई हैं। कुछ पोस्ट में तो माथे पर चूमने, देर रात साथ में खाना खाने और घर छोड़ने जैसे प्रस्ताव भी लिखे गए हैं, जिस पर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है।

पुलिस में शिकायत दर्ज और साइबर ठगी की आशंका
Raipur Garba Partner Rent Controversy: विवादित पोस्ट के वायरल होने के बाद रायपुर के विभिन्न संगठनों और नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह किसी साइबर गिरोह का हथकंडा नजर आ रहा है। साइबर ठग ऐसे लुभावने और सनसनीखेज विज्ञापन बनाकर युवाओं को निशाना बनाने की कोशिश में हैं। अग्रिम भुगतान या रजिस्ट्रेशन के नाम पर लोगों से पैसे ऐंठने की नीयत से ऐसे फर्जी पोस्ट फैलाए जा रहे हैं।

गुजरात से लेकर महाराष्ट्र तक फैला वायरल ट्रेंड
किराए पर गरबा पार्टनर देने वाले ऐसे विज्ञापन सिर्फ छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं हैं। अहमदाबाद, सूरत, इंदौर और मुंबई जैसे बड़े शहरों से भी इसी तरह के रेट कार्ड और पोस्ट सोशल मीडिया पर सामने आ चुके हैं। देश भर की साइबर क्राइम टीमें इन सोशल मीडिया अकाउंट्स और उनके संचालकों की पहचान करने में जुटी हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस तरह के किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन ऑफर के झांसे में न आएं और किसी अनजान व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर न करें।
Also Read: रेल पटरी पर बैठकर खेल रहे थे फ्री फायर, कान में लगा था ईयरफोन, मालगाड़ी की चपेट में आए दोनों बच्चे



