
CG Crop Loss Compensation Survey Instructions: छत्तीसगढ़ में बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश और नदियों के उफान से कई जिलों में बाढ़ के हालात बन गए हैं। इस वजह से खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। सुकमा जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर रवाना होने से पहले रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों को राहत का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि बारिश से हुए फसल नुकसान का प्राथमिकता के आधार पर सर्वे कराया जाएगा और उसके बाद प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।
सुकमा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री
CG Rain Flood Damage Assessment Relief: रायपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भारी बारिश की वजह से प्रदेश के निचले इलाकों में पानी भर गया है। उन्होंने कहा कि वे खुद मैदानी स्थिति का जायजा लेने सुकमा जा रहे हैं, ताकि बाढ़ से प्रभावित लोगों का हाल जाना जा सके। इस दौरान वे बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनके रहने, खाने और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेंगे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि फसलों के साथ-साथ जिन लोगों के मकानों को नुकसान पहुंचा है, उनका भी आकलन कर राहत राशि दी जाएगी।
देखें वीडियो-
नई औद्योगिक नीति और सिंगापुर दौरे पर दिया बयान
बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने आगामी सिंगापुर प्रवास की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद देश और विदेश में इन्वेस्टर मीट का आयोजन किया जा रहा है। इसी सिलसिले में वे 4, 5 और 6 अक्टूबर को सिंगापुर दौरे पर रहेंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ में विदेशी पूंजी निवेश को बढ़ावा देना और राज्य के औद्योगिक विकास को गति प्रदान करना है।



