
Dhamtari Road Accident: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। अर्जुनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत अछोटा पुल से गुजर रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर महानदी में लगभग 20 से 25 फीट नीचे रेत में जा गिरा। घटना के समय सड़क पर अचानक आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक ने नियंत्रण खो दिया। हादसे के दौरान चालक और हेल्पर ने समझदारी दिखाते हुए नीचे गिरने से ठीक पहले छलांग लगा दी, जिससे दोनों की जान बच गई।
अचानक बाइक सामने आने से अनियंत्रित हुआ ट्रैक्टर
Dhamtari News: जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली अछोटा पुल से होकर गुजर रही थी। इसी दौरान सामने से अचानक एक मोटरसाइकिल आ गई। उसे टकराने से बचाने के चक्कर में चालक अनोद कुमार ध्रुव ने स्टीयरिंग मोड़ी, जिससे वाहन बेकाबू हो गया। अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नीचे खाई में जा गिरी। नीचे गिरते ही ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए और ट्रॉली अलग होकर पलट गई।

चालक और हेल्पर ने कूदकर बचाई अपनी जान
Achhota Bridge Accident: हादसा होते देख आसपास मौजूद लोगों के होश उड़ गए। गनीमत यह रही कि 29 वर्षीय चालक अनोद कुमार ध्रुव और 25 वर्षीय हेल्पर योगेश साहू ने समय रहते फुर्ती दिखाई और ट्रैक्टर के पुल से नीचे गिरने से पहले ही बाहर कूद गए। इस घटना में हेल्पर योगेश साहू को चोटें आई हैं, जबकि चालक सुरक्षित बताया जा रहा है।

रेडक्रॉस और समाजसेवियों ने पहुंचाया अस्पताल
Achhota Tractor Accident: हादसे की जानकारी मिलते ही वरदान परमार्थ सेवा समिति और इंडियन रेडक्रॉस के वाइस चेयरमैन शिवा प्रधान तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से घायल हेल्पर को संभाला और इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया। फिलहाल अस्पताल में घायल का उपचार किया जा रहा है और उसकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।

जिला कलेक्टर ने लिया संज्ञान, जांच के दिए निर्देश
हादसे के बाद पुल के पास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर ने घटना पर संज्ञान लिया है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और पुल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्या कदम उठाए जाने की जरूरत है।
Also Read: रेल पटरी पर बैठकर खेल रहे थे फ्री फायर, कान में लगा था ईयरफोन, मालगाड़ी की चपेट में आए दोनों बच्चे



