
CG Garba Controversy: छत्तीसगढ़ में नवरात्रि पर्व की आहट के साथ ही गरबा और डांडिया आयोजनों को लेकर राजनीतिक और सामाजिक बयानबाजी तेज हो गई है। नवरात्रि के दौरान देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना की तैयारी चल रही है, वहीं आयोजनों में गैर-हिंदुओं के प्रवेश को लेकर तीखा विवाद खड़ा हो गया है। राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज के एक बयान के बाद सत्तापक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है।
वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सलीम राज ने लव जिहाद को लेकर दिया बयान
Navratri Garba News: छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने गरबा आयोजनों को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मुस्लिम युवकों से अपील करते हुए कहा कि उन्हें गरबा आयोजनों से दूर रहना चाहिए। सलीम राज का कहना है कि इन आयोजनों में कुछ असामाजिक तत्व पहचान बदलकर प्रवेश करते हैं, जिससे छेड़छाड़ और लव जिहाद जैसी घटनाओं को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने मांग की है कि नाम छिपाकर पांडालों में घुसने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए।
पूर्व वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सलाम रिजवी ने बयान पर जताया कड़ा ऐतराज
Garba Entry Dispute Chhattisgarh: पूर्व वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सलाम रिजवी ने सलीम राज के इस रुख पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब रही है और इस तरह की बयानबाजी से समाज में दूरियां बढ़ती हैं। रिजवी के अनुसार नवरात्रि हिंदू समाज का एक पवित्र पर्व है और यदि कोई व्यक्ति पूरी श्रद्धा के साथ इसमें शामिल होना चाहता है, तो उस पर आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक आयोजनों के नाम पर डर का माहौल बनाकर वोट बैंक की राजनीति की जा रही है।
कांग्रेस ने सलीम राज पर साधा निशाना, बताया राजनीतिक स्टंट
कांग्रेस के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने सलीम राज के बयान पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि वक्फ बोर्ड चेयरमैन सत्तारूढ़ दल को खुश करने के लिए लगातार विवादित बयान दे रहे हैं। शुक्ला ने कहा कि इस्लाम में मूर्ति पूजा का विधान न होने के कारण वैसे भी बहुत कम संख्या में गैर-हिंदू आयोजनों में पहुंचते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि इस तरह की अनावश्यक बयानबाजी पर मुस्लिम समाज के धर्मगुरुओं को संज्ञान लेना चाहिए।
भाजपा का पलटवार, कहा- कांग्रेस कर रही तुष्टिकरण की राजनीति
दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने वक्फ बोर्ड अध्यक्ष के स्टैंड का समर्थन करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा प्रवक्ता अनुराग अग्रवाल ने कहा कि गरबा केवल मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि माता की आराधना का धार्मिक पर्व है। उन्होंने कहा कि जब वक्फ बोर्ड अध्यक्ष खुद अपने समाज के युवाओं को धार्मिक मर्यादा का पालन करने की सलाह दे रहे हैं, तब कांग्रेस तुष्टिकरण के चलते इसका विरोध कर रही है। अग्रवाल ने कांग्रेस द्वारा मुस्लिम धर्मगुरुओं का जिक्र किए जाने को उकसावे की राजनीति करार दिया।
राजीव लोचन महाराज बोले- परंपराओं का सम्मान जरूरी, न परोसी जाए फूहड़ता
गरबा में प्रवेश को लेकर चल रहे इस विवाद के बीच दक्षिण कोशल के पीठाधीश्वर राजीव लोचन महाराज का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि गरबा कुल के स्वाभिमान और आस्था से जुड़ा पर्व है, जिसे पूरी मर्यादा और गरिमा के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि गरबा के नाम पर फूहड़ता परोसी जाएगी तो उसकी पवित्रता खत्म हो जाएगी। महाराज ने स्पष्ट किया कि जो लोग सनातन परंपराओं में विश्वास नहीं रखते, उन्हें ऐसे धार्मिक आयोजनों में शामिल होने की कोई आवश्यकता नहीं है।
आयोजकों ने पहचान पत्र देखने और कलावा बांधने की तैयारी की
विवाद के बीच रायपुर समेत प्रदेश के प्रमुख शहरों में गरबा आयोजकों ने सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। कई समितियों ने पांडालों के प्रवेश द्वार पर पहचान पत्र जांचने और माथे पर तिलक व हाथ में कलावा देखकर ही प्रवेश देने का फैसला किया है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन भी त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा कर रहा है।



