
Balod Acid Attack Case: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही 22 वर्षीय छात्रा पर हुए तेजाब हमले के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। शादी का प्रस्ताव ठुकराने और किसी अन्य युवक से बात करने के शक में सिरफिरे प्रेमी ने ही अपने दोस्त के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता यश कुमार सोनकर और तेजाब फेंकने वाले उसके साथी करण कुंजाम को गिरफ्तार कर लिया है। घायल छात्रा का इलाज रायपुर के अस्पताल में जारी है, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
शादी के इनकार और शक के चलते रची गई हमले की साजिश
Balod Crime News: बालोद एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि कुंदरापारा निवासी मुख्य आरोपी यश कुमार सोनकर (20) का युवती से पहले संपर्क था। यश युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन जब युवती ने उसके शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया और उससे दूरी बना ली, तो वह आक्रोशित हो गया। इसके अलावा यश को यह शक भी था कि युवती किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करती है। इसी रंजिश के चलते उसने अपने स्कूली दोस्त करण कुंजाम (20) के साथ मिलकर छात्रा को निशाना बनाने का फैसला किया।

दुर्ग से खरीदा गया था तेजाब, गणेश विसर्जन पर भी थी हमले की योजना
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपियों ने करीब तीन महीने पहले ही हमले की योजना बना ली थी। योजना को अंजाम देने के लिए यश ने 26 सितंबर को अपने दोस्त करण को बीजापुर के भैरमगढ़ से बालोद बुलाया। इसके बाद 27 सितंबर को दोनों ने पड़ोसी जिले दुर्ग जाकर तेजाब खरीदा। शुरुआत में आरोपियों ने भगवान गणेश की शोभायात्रा के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर हमला करने की साजिश रची थी, लेकिन पुलिस की सख्त सुरक्षा व्यवस्था के कारण वे अपनी इस योजना में सफल नहीं हो सके।

लाइब्रेरी से लौटते समय दोस्त से कराया तेजाब का हमला
सोमवार को दोपहर करीब 12:30 बजे जब छात्रा आमापारा स्थित लाइब्रेरी से पढ़ाई करके पैदल अपने घर लौट रही थी, तब आरोपी पहले से रास्ते में घात लगाए बैठे थे। यश के इशारे पर उसके दोस्त करण कुंजाम ने छात्रा पर तेजाब फेंक दिया। तेजाब पड़ते ही छात्रा तड़पने लगी और चीखने लगी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हुए और छात्रा के पिता को सूचना दी, जो पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। परिजन और स्थानीय लोग तुरंत पीड़िता को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायपुर रेफर कर दिया गया।

लिफ्ट लेकर भागा आरोपी, सीसीटीवी और तकनीकी सबूतों से पकड़ाया
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी करण कुंजाम पैदल ही तांदुला बांध की ओर भाग निकला। वहां से उसने झलमला और मरकाटोला तक लिफ्ट ली और फिर कांकेर जिले के चारमा पहुंच गया। इधर एसडीओपी विनय साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की और शहर भर के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध यश सोनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।

कोंडागांव से पकड़ाया दूसरा आरोपी, तेजाब और कपड़े जब्त
मुख्य आरोपी यश सोनकर के कबूलनामे के आधार पर पुलिस ने तुरंत नाकेबंदी की और बस से भाग रहे दूसरे आरोपी करण कुंजाम को कोंडागांव जिले से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल किया गया बचा हुआ तेजाब और घटना के वक्त पहने गए कपड़ों को भी जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई कर उन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है।




