नवरात्रि पर छत्तीसगढ़ के किसानों को बड़ा तोहफा, साय सरकार ने जारी किए बोनस के 51.09 करोड़ रुपये

Sugarcane Farmer Bonus CG Navratri: छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार ने नवरात्रि के पावन पर्व से ठीक पहले प्रदेश के गन्ना किसानों को एक बड़ी और सौगात दी है। राज्य सरकार ने गन्ना किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए बोनस की गणना का आधार मूल्य 355 रुपये से बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। इस फैसले से पेराई सत्र 2025-26 के दौरान प्रदेश के चारों सहकारी शक्कर कारखानों को गन्ना आपूर्ति करने वाले कुल 31,022 किसानों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। सरकार के इस कदम से किसानों के खातों में कुल 51.09 करोड़ रुपये की बोनस राशि ट्रांसफर की जा रही है।

किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने की दिशा में बड़ा कदम

Sugarcane Price Hike Chhattisgarh Update: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने इस अवसर पर प्रदेश के सभी गन्ना उत्पादक किसानों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। सहकारिता मंत्री ने कहा कि बोनस राशि में की गई इस बढ़ोतरी से किसानों को उनकी मेहनत का वास्तविक और बेहतर प्रतिफल मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार अन्नदाताओं के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इस बढ़ी हुई राशि से किसानों को खेती की लागत वहन करने और आगामी फसल की तैयारी में बड़ी मदद मिलेगी।

जानिए किस शक्कर कारखाने के कितने किसानों को मिलेगा कितना लाभ

Chhattisgarh Cooperative Sugar Mills Bonus 2026: नई व्यवस्था के तहत पेराई सत्र 2025-26 के लिए बोनस की गणना में उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) 329.05 रुपये प्रति क्विंटल का आधार तय किया गया है। निर्धारित नियम के अनुसार 425 रुपये में से एफआरपी घटाने पर किसानों को 95.95 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अतिरिक्त बोनस प्राप्त होगा। विभिन्न सहकारी कारखानों के अंतर्गत मिलने वाली राशि का विवरण इस प्रकार है:

  • भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना, कवर्धा: यहां के 14,961 किसानों को लगभग 24.55 करोड़ रुपये का बोनस मिलेगा।
  • सरदार पटेल सहकारी शक्कर कारखाना, पंडरिया: इस कारखाने से जुड़े 8,049 किसानों को लगभग 11.68 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त होगी।
  • महामाया सहकारी शक्कर कारखाना, केरता: यहां के 7,250 किसानों को लगभग 11.35 करोड़ रुपये का लाभ मिलेगा।
  • दंतेश्वरी मैया सहकारी शक्कर कारखाना, बालोद: इस क्षेत्र के 762 किसानों को लगभग 3.52 करोड़ रुपये का बोनस दिया जाएगा।

गन्ना उत्पादन को मिलेगा प्रोत्साहन और मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था

सहकारी शक्कर कारखानों से जुड़े किसानों को मिलने वाले इस भारी-भरकम आर्थिक संबल से छत्तीसगढ़ में गन्ने की खेती को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा। किसानों का कहना है कि नवरात्रि के ठीक पहले मिली इस सहायता राशि से उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। राज्य सरकार की यह पहल न केवल सहकारी क्षेत्र को मजबूत कर रही है, बल्कि ग्रामीण अंचलों में आर्थिक गतिविधियों को भी तेज कर रही है।

Also Read: PM Kisan Yojana 24th Installment Date: पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जल्द, जानिए किन किसानों के बैंक खाते में नहीं आएंगे पैसे

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button