छत्तीसगढ़ के राशनकार्ड धारकों के लिए ज़रूरी खबर: इन लोगों का कटेगा नाम, नहीं मिलेगा राशन; जानें अपना राशन कार्ड बंद होने से कैसे बचाएं

Chhattisgarh Ration Card Rules Update: छत्तीसगढ़ के राशनकार्डधारियों के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत एक बेहद जरूरी खबर सामने आई है। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय नवा रायपुर के दिशा-निर्देशों के तहत जिला प्रशासन ने राशनकार्डों में दर्ज सदस्यों के ई-केवायसी (eKYC) सत्यापन को लेकर अभियान तेज कर दिया है। बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में जिले के सभी बचे हुए हितग्राहियों का सत्यापन 30 अक्टूबर 2026 तक हर हाल में पूरा कराने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

निर्धारित तिथि तक ई-केवायसी न कराने पर राशनकार्ड से निरस्त होंगे नाम

CG Ration Card eKYC Last Date 2026: प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक निर्देश में यह साफ कर दिया गया है कि छत्तीसगढ़ राशनकार्ड नियम 2016 के तहत सत्यापन प्रक्रिया चलाई जा रही है। स्थानीय निकायों और विहित प्राधिकारियों के माध्यम से घर-घर व राशन दुकानों पर ई-केवायसी का कार्य किया जा रहा है। तय समय-सीमा के भीतर जो भी सदस्य सत्यापन प्रक्रिया में शामिल नहीं होंगे या अनुपस्थित पाए जाएंगे, उनके नाम राशनकार्ड के आधिकारिक डेटाबेस से सीधे निरस्त कर दिए जाएंगे और उन्हें खाद्यान्न मिलना बंद हो जाएगा।

बस्तर जिले में 72 हजार से अधिक सदस्यों का ई-केवायसी सत्यापन है लंबित

Bastar Jagdalpur Ration Card eKYC News: खाद्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार बस्तर जिले के विभिन्न विकासखंडों और नगरीय निकायों को मिलाकर कुल 72 हजार 133 सदस्यों का ई-केवायसी सत्यापन होना बाकी है। इनमें बकांवड विकासखंड में सबसे ज्यादा 14 हजार 492, बस्तर जनपद में 13 हजार 734, जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र में 13 हजार 52 तथा जगदलपुर ग्रामीण क्षेत्र में 9 हजार 413 सदस्यों का ई-केवायसी पेंडिंग है। समय कम होने के कारण प्रशासन ने लोगों से तत्काल प्रक्रिया पूरी करने को कहा है।

जिले के अन्य विकासखंडों और नगर पंचायत क्षेत्रों की स्थिति पर एक नजर

Collector Akash Chhikara Order Ration Card: इसके अलावा लोहण्डीगुडा जनपद क्षेत्र में 6 हजार 266, तोकापाल में 5 हजार 844, दरभा में 4 हजार 202, बास्तानार में 4 हजार 196 और नगर पंचायत बस्तर में 934 सदस्यों का ई-केवायसी सत्यापन अब तक नहीं हो पाया है। इन सभी क्षेत्रों में अभियान चलाकर लोगों को अपने नजदीकी शासकीय उचित मूल्य दुकान पहुंचकर ई-पीओएस (e-PoS) मशीन के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है ताकि किसी का राशन प्रभावित न हो।

अभियान की सीधी निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों की हुई तैनाती

ई-केवायसी अभियान को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए विकासखंड और नगरीय निकायवार नोडल व सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जगदलपुर ग्रामीण के लिए जनपद सीईओ बीरेन्द्र बहादुर, बस्तर ग्रामीण के लिए श्वेता वर्मा, बकांवड के लिए श्वेता साहू, तोकापाल के लिए नीलू टिर्की, दरभा के लिए एम. आर. कश्यप, बास्तानार के लिए एस. एस. मण्डावी और जगदलपुर शहरी क्षेत्र के लिए नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

30 अक्टूबर से पहले नजदीकी राशन दुकान पहुंचकर पूरी कराएं प्रक्रिया

Ration Card eKYC Nodal Officer Appointed: सहायक नोडल अधिकारियों और खाद्य निरीक्षकों को अपने प्रभार वाले क्षेत्रों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर काम पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य विभाग ने सभी राशनकार्ड हितग्राहियों से पुरजोर अपील की है कि वे किसी भी तरह की असुविधा और राशनकार्ड से नाम कटने की कार्रवाई से बचने के लिए 30 अक्टूबर 2026 से पहले अपने संबंधित शासकीय उचित मूल्य दुकान या नजदीकी केंद्र में जाकर अपना ई-केवायसी सत्यापन अवश्य पूरा करा लें।

Also Read: PM Kisan 24th Installment Release Date: क्या दिवाली से पहले किसानों के खाते में आएंगे ₹2,000? जानिए 24वीं किस्त पर बड़ा अपडेट

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button