
Chipli Ravana Dahan Accident: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से विजयादशमी पर्व के दौरान एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जिले के नगरी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम छिपली में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान अचानक बड़ा हादसा हो गया। लंका दहन और रावण पुतले में आग लगाने के दौरान अचानक उठी तेज लपटों की चपेट में आने से हनुमान का किरदार निभा रहे कलाकार समेत तीन लोग झुलस गए। इस अचानक हुई घटना के बाद पूरे आयोजन स्थल पर हड़कंप मच गया और चीख-पुकार मच गई।
रावण दहन के दौरान अचानक आग की चपेट में आए तीन कलाकार
Chipli Ravan Dahan News: प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार छिपली गांव में दशहरे के अवसर पर पारंपरिक रूप से रामलीला मंचन और रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान जब रावण के पुतले में आग लगाई जा रही थी, तभी अचानक आग की तेज लपटें फैल गईं। इस दौरान वहां मौजूद और हनुमान का किरदार निभा रहे हेमंत ध्रुव समेत तीन लोग आग की सीधी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना स्थल पर मची अफरा-तफरी, घायलों को तुरंत पहुंचाया गया अस्पताल
Chipli Ravan Dahan Viral Video: हादसे के घटित होते ही उत्सव का माहौल अचानक अफरा-तफरी में बदल गया। आयोजन समिति के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह आग पर काबू पाया और झुलसे हुए तीनों कलाकारों को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। एकाएक हुए इस हादसे से दशहरे की खुशियां गमगीन माहौल में बदल गईं और लोग कलाकारों के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित नजर आए।
देखें वीडियो-
एक गंभीर घायल जिला अस्पताल धमतरी में भर्ती, डॉक्टरों की देखरेख जारी
हादसे में झुलसे लोगों में से एक व्यक्ति की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। वहीं अन्य घायलों का इलाज भी स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन घटना की जानकारी मिलते ही स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Also Read: धमतरी में बड़ा सड़क हादसा, 40 यात्रियों से भरी पिकअप पलटने से मची चीख-पुकार



