CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें बीजापुर में माओवादी डंप बरामद, रायपुर में डिजिटल क्रिएटर्स का सम्मान समारोह, कवर्धा में 2 करोड़ का गांजा जब्त, सूरजपुर में 108 एंबुलेंस की देरी से नवजात की मौत, सर्व आदिवासी समाज का चरणबद्ध आंदोलन, बस्तर में फसल बचाने जल्द धान मिसाई, कांग्रेस सह प्रभारियों का छत्तीसगढ़ दौरा, शिशु तस्करी नेटवर्क पर गंभीर सवाल और छत्तीसगढ़ में एक ही दिन में 63 हजार टन धान की रिकॉर्ड खरीदी समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करें।

बीजापुर में माओवादी डंप बरामद

बीजापुर जिले के पामेड़ और आवापल्ली थाना क्षेत्रों के जंगलों में सुरक्षा बलों ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाकर माओवादियों के दो डंप बरामद किए हैं। कोरागुट्टा जंगल से 14 वीएचएफ रेडियो सेट, ड्रोन, लैपटॉप, नाइट विजन उपकरण और एंटीना मिले, जबकि पेद्दापुन्नुर जंगल से एके-47, एसएलआर, इंसास राइफल, टिफिन बम और कारतूस जब्त किए गए हैं।

डिजिटल क्रिएटर्स का होगा सम्मान

छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 का आयोजन आज रायपुर में किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रदेश के डिजिटल क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स को सम्मानित करेंगे। समारोह में 16 मुख्य अवॉर्ड और 46 उपश्रेणियों में 10 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि दी जाएगी, साथ ही भजन क्लबिंग और बस्तर रैम्प वॉक की झलक भी दिखेगी।

कवर्धा में दो करोड़ गांजा

कबीरधाम जिले में पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर ट्रक से 407 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार रुपये बताई गई है, और इस मामले में दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

108 एंबुलेंस न पहुंचने से नवजात बच्चे की मौt

सूरजपुर शहर में मीना बाजार के सामने सड़क पर प्रसव के बाद एक घंटे तक 108 एंबुलेंस न पहुंचने से नवजात बच्चे की मौके पर ही मौt होने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया, जबकि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की तत्परता और जवाबदेही पर कड़े सवाल खड़े हो गए हैं।

सर्व आदिवासी समाज का आंदोलन

अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सर्व आदिवासी समाज ने राजधानी रायपुर में बैठक के बाद चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। कार्यक्रम के तहत 1 दिसंबर को 90 विधायकों के घरों के सामने नगाड़ा बजाया जाएगा, 11 दिसंबर को जिला मुख्यालयों में पुतला दहन होगा और 15 दिसंबर को विधानसभा का घेराव किया जाएगा।

फसल बचाने जल्द धान मिसाई

बस्तर क्षेत्र में चौथे चक्रवात की आशंका के बीच किसान कटी हुई फसल और खलिहान की उपज को बचाने के लिए परंपरा से आगे बढ़कर जल्द धान की मिसाई में जुट गए हैं। कई किसान चरू जतरा से पहले ही मिसाई कर रहे हैं और परंपरा तोड़ने के संभावित दंड को भी स्वीकार करने को तैयार हैं ताकि बारिश से फसल खराब न हो।

कांग्रेस सह प्रभारियों का दौरा

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त सह प्रभारी हरनाम सिंह और जितेंद्र बघेल आज अपने पहले दौरे पर दिल्ली से रायपुर पहुंच रहे हैं। दोनों नेता दोपहर 3 बजे एयरपोर्ट से सीधे गांधी मैदान जाकर संविधान रक्षा मार्च के आयोजन स्थल का निरीक्षण करेंगे और अगले दिन आयोजित मार्च में हिस्सा लेंगे।

शिशु तस्करी पर गंभीर सवाल

रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त के 8 राज्यों तक फैले नेटवर्क और 7 आरोपियों की गिरफ्तारी के बीच एसोसिएशन ऑफ हेल्थ प्रोवाइडर्स इंडिया (AHPI) छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता ने व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कई अस्पतालों का लाइसेंस किसी अन्य नाम पर और संचालन किसी और द्वारा किए जाने की स्थिति में कड़ी जांच व कार्रवाई आवश्यक है।

छत्तीसगढ़ में एक दिन में 63 हजार टन धान खरीद

छत्तीसगढ़ में चल रहे धान खरीदी महाअभियान ने प्रदेशभर में तेज रफ्तार पकड़ ली है और 23 नवंबर तक 2.78 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीद हो चुकी है, जिसमें से 70 हजार 979 से अधिक किसानों ने समर्थन मूल्य पर अपनी फसल बेची है। एक ही दिन में करीब 63 हजार 074 मीट्रिक टन धान खरीदा गया है, जबकि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में 28 लाख से अधिक पंजीकृत किसानों के लिए 360 नए केंद्रों के साथ कुल 2,461 केंद्रों पर प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद जारी है।

गेमिंग कर्ज चुकाने चोरी, संपत्ति जब्त

डोंगरगढ़ में ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण करीब 10 लाख रुपये के कर्ज में डूबे युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर डोंगरगढ़ के ठाकुरटोला स्थित सूने मकान से लगभग 8.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए। पुलिस ने आरोपियों सुरेन्द्र साहू और गणेश्वर नेताम को दबोचकर चोरी के आभूषण, प्रयुक्त कार और रायपुर के मकान से जुड़े जेवरात सहित कुल 15.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है।

Also Read: हाईकोर्ट से बरी होने के बाद भी 7 साल जेल में बंद रहा निर्दोष, सुप्रीम कोर्ट ने छत्तीसगढ़ सरकार को 30 लाख मुआवजा देने का दिया आदेश

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button