
धमतरी Dhamtari Crime: जिस दिन पूरे देश में महाअष्टमी का पावन पर्व मनाया जा रहा था और नन्हीं कन्याओं को देवी का स्वरूप मानकर पूजा जा रहा था, ठीक उसी दिन छत्तीसगढ़ के धमतरी से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है। केरेगांव थाना क्षेत्र में 5 साल की मासूम बच्ची की अस्मत एक वहशी दरिंदे ने नोच डाली। बच्ची की हालत बेहद नाज़ुक है और वह फिलहाल जिला अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है। इस जघन्य अपराध को लेकर पूरे क्षेत्र में गहरे आक्रोश का माहौल है।

माता-पिता काम में थे व्यस्त, दरिंदे ने की सारी हदें पार
Dhamtari News: यह दिल दहला देने वाली वारदात मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे ग्राम सियादेही स्थित एक ईंट भट्टी पर हुई। पीड़ित बच्ची के माता-पिता अन्य जिले से यहाँ मजदूरी करने आए थे और वे भट्टी पर काम में व्यस्त थे। मासूम बच्ची पास में ही खेल रही थी।
इसी दौरान, गाँव का युवक राकेश मंडावी बहला-फुसलाकर मासूम को सुनसान जगह पर ले गया और दरिंदगी की सारी हदें पार कर दीं।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े लोग, आरोपी गिरफ्तार
Siyadehi Rape Case: मासूम के लहूलुहान होने और उसकी चीखने की आवाज़ सुनकर माता-पिता और अन्य मजदूर साथी तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे। उन्होंने बच्ची को तत्काल 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल धमतरी भेजा। बच्ची की हालत गंभीर बताई गई है और डॉक्टर अखिलेश देवांगन ने उसका इलाज शुरू कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी मणि शंकर चंद्रा और डीएसपी मोनिका मरावी सहित कोतवाली और केरेगांव थाना प्रभारी मौके पर पहुँचे। केरेगांव थाना प्रभारी टीएल डड़सेना ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी राकेश मंडावी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
समाज के माथे पर कलंक
डीएसपी मोनिका मरावी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी राकेश मंडावी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जिला अस्पताल पहुँचे महापौर रामू रोहरा ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज समाज में ऐसे भी दैत्य मौजूद हैं, जिन्होंने अष्टमी के पावन दिन ऐसी घिनौनी हरकत की है। उन्होंने पुलिस से माँग की है कि आरोपी को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाकर कड़ी से कड़ी सज़ा दी जाए ताकि समाज को एक सख्त संदेश मिल सके। यह घटना उस समय हुई, जब बच्ची के माता-पिता ईंट भट्टी पर मजदूरी कर परिवार पाल रहे थे। ऐसे हैवानों पर जल्द से जल्द कड़ी सज़ा सुनाना समय की माँग है, ताकि फिर कोई मासूम हवस का शिकार न हो।
इस नृशंस वारदात ने हर किसी का खून खौला दिया है। ऐसी घटनाएँ समाज के माथे पर कलंक हैं, जिन्हें कठोरतम न्याय से ही धोया जा सकता है।
Also Read: धमतरी में दुःखद घटना: दुर्गा पंडाल के पंडा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या



