
Jaunpur Road Accident: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। हादसा उस समय हुआ जब अयोध्या से वाराणसी दर्शन के लिए जा रही श्रद्धालुओं की बस ट्रेलर से जा भिड़ी। इस दर्दनाक दुर्घटना में 4 श्रद्धालुओं की मौके पर मौत हो गई, जबकि 9 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा
Road Accident: यह घटना लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सीहीपुर क्रॉसिंग के पास हुई। पुलिस के अनुसार, बस के आगे एक ट्रेलर चल रहा था। ओवरटेक करने के दौरान बस ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और बस सीधे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया।

छत्तीसगढ़ के थे सभी श्रद्धालु
हादसे में मारे गए और घायल हुए सभी श्रद्धालु छत्तीसगढ़ के निवासी बताए जा रहे हैं। श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या गए थे और वहां से काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन के लिए आगे बढ़ रहे थे। बस में लगभग 50 श्रद्धालु सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया हाल
बस में सवार श्रद्धालु दिलीप दास ने बताया कि उनका 50 लोगों का जत्था 7 सितंबर को छत्तीसगढ़ से निकला था। इस दौरान उन्होंने अमरकंटक, मैहर देवी, चित्रकूट, वृंदावन और अयोध्या धाम में दर्शन किए। अयोध्या में रामलला का दर्शन करने के बाद रात 11 बजे सभी श्रद्धालु बस में बैठकर काशी के लिए रवाना हुए थे। देर रात सभी लोग सो रहे थे तभी यह हादसा हो गया।

मौके पर अफरा-तफरी, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस और बचाव दल ने पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल भेजा। चारों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
SP ने दी जानकारी
जौनपुर के SP डॉक्टर कौस्तुभ ने बताया कि हादसा वाराणसी–लखनऊ हाईवे पर हुआ। बस चालक ने ट्रेलर को ओवरटेक करने के प्रयास में नियंत्रण खो दिया। ट्रेलर चालक से पूछताछ की जा रही है। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम भी लग गया था, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।
Also Read: Breaking News: रायपुर एयरपोर्ट के ATC पर बिजली गिरने से सिस्टम ठप, 5 फ्लाइट डायवर्ट



