
धमतरी: छत्तीसगढ़ में इन दिनों भारी बारिश से हालात गंभीर बने हुए हैं। रायपुर, धमतरी, बस्तर, सरगुजा और बिलासपुर से लेकर दुर्ग व दंतेवाड़ा तक बारिश का कहर जारी है। इस बीच धमतरी के रुद्री बांध में आयोजित एक मॉक ड्रिल में ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने सभी को हैरान कर दिया।
बाढ़ बचाव अभ्यास में डॉग ने निभाई हीरो की भूमिका
धमतरी आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा शुक्रवार को एक बाढ़ बचाव मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस अभ्यास में गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन की टीम ने भाग लिया। डेमो के दौरान जब एक व्यक्ति को डूबता दिखाया गया, तब एक हस्की डॉग ‘जैक’ ने पानी में कूदकर उसे बाहर निकाला। यह दृश्य देख वहां मौजूद लोग दंग रह गए और डॉग की समझदारी की तारीफ करते नहीं थके।

जैक बना आकर्षण का केंद्र, मिली खास ट्रेनिंग
रेस्क्यू डेमो के मुख्य आकर्षण रहे हस्की डॉग जैक को विशेष रूप से बाढ़ जैसी आपदाओं के लिए प्रशिक्षित किया गया है। गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स संगठन के सदस्य सतवंत कुमार ने बताया कि उनके पास ऐसे तीन हस्की डॉग हैं जिन्हें रेस्क्यू मिशन के लिए ट्रेनिंग दी गई है।
जिला प्रशासन और नगर सेना की संयुक्त पहल
इस मॉक ड्रिल को धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा के निर्देश पर आयोजित किया गया। जिला सेनानी शोभा ठाकुर की देखरेख में नरहरा जलप्रपात समिति के युवा तैराकों को भी प्रशिक्षण दिया गया।
रेस्क्यू टीम को यह बताया गया कि कैसे बाढ़ की स्थिति में उपकरणों का प्रयोग करते हुए सुरक्षित बचाव किया जाए। साथ ही स्वयं की सुरक्षा के उपायों को भी डेमो के ज़रिए समझाया गया।
लोगों ने कहा – जान बचाने वाले इस डॉग को सलाम
जैक की सतर्कता और सटीक प्रतिक्रिया ने सभी को प्रभावित किया। मॉक ड्रिल में मौजूद दर्शकों ने कहा कि अगर प्रशिक्षित जानवरों को ऐसे राहत कार्यों में शामिल किया जाए, तो कई जानें बचाई जा सकती हैं।



