कारगिल चौक गणेश पंडाल में कल होगी भव्य महाआरती एवं महाप्रसादी का आयोजन

कुरूद: नगर के मध्य स्थित कारगिल चौक कुरूद के गणेश पंडाल इन दिनों श्रद्धा और भक्ति का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी कारगिल चौक गणेश उत्सव समिति द्वारा भव्य और मंगलमयी गणेशोत्सव का आयोजन किया गया है। गुरुवार को प्रतिमा स्थापना के उपरांत से ही श्रद्धालुओं का सैलाब पंडाल में उमड़ रहा है। गणपति बप्पा की आकर्षक प्रतिमा दर्शनीय और अलौकिक आभा बिखेर रही है। प्रतिमा के दोनों ओर विराजमान मूषक महाराज पंडाल की शोभा को और निखार रहे हैं।

विशेष महाआरती का आयोजन

समिति की ओर से कल 2 सितम्बर 2025, मंगलवार की संध्या को भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। ढोल-नगाड़ों और शंखनाद के साथ होने वाली इस आरती में नगरवासियों के साथ-साथ आस-पास के ग्रामों से भी श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। आरती के उपरांत भक्तों के लिए महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा।

महायज्ञ एवं हवन

गणेशोत्सव के पावन अवसर पर 6 सितम्बर 2025, शनिवार प्रातः 11 बजे से महायज्ञ एवं हवन का आयोजन होगा। समिति का मानना है कि इस हवन में सम्मिलित होकर नगरवासी घर-परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

दैनिक आकर्षण और परंपरा

गणेश पंडाल में प्रतिदिन संध्या आरती ढोल-ताशों की गूंज और भजनों के मधुर स्वर के बीच सम्पन्न हो रही है। आरती के पश्चात प्रतिदिन महाप्रसादी वितरण की परंपरा निभाई जा रही है, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु गणपति जी का प्रसाद लेने आते हैं। पंडाल का कलात्मक सज्जा और आलोक व्यवस्था भक्तों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

नगरवासियों को आमंत्रण

समिति के पदाधिकारियों ने समस्त नगरवासियों से विनम्र निवेदन किया है कि वे अपने परिवार सहित पधारकर इस धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव की शोभा बढ़ाएँ। समिति का कहना है कि सामूहिक भक्ति और आस्था के इस अवसर पर उपस्थित होकर प्रत्येक नागरिक श्री गणेश जी के महाआरती में शामिल होकर आशीर्वाद का लाभ प्राप्त कर सकता है।

Also Read: Ganeshotsav 2025: गणेश पूजा में ज़रूर चढ़ाएं ये 5 फूल, बप्पा की कृपा से मिलेगा सुख और शांति

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button