धमतरी के पठार और सिंगपुर के बीच बेद्राचुआ नाला में बाइक सहित बहा व्यक्ति, तैरकर बाहर निकला, बच गई जान

धमतरी: जिले के नगरी ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में पुल-पुलिया की कमी अब भी लोगों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। सिंघपुर-पठार के बीच स्थित बेद्राचुआ रपटा में 15 सितंबर को बड़ा हादसा टल गया। अचानक तेज पानी के बहाव में एक व्यक्ति बाइक सहित बह गया, लेकिन तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया।

रपटा पर बढ़ा अचानक पानी का बहाव

बेद्राचुआ रपटा जंगल से लगे क्षेत्र में है। यहां बारिश के दिनों में पानी का बहाव अचानक तेज हो जाता है। घटना के दिन भी पानी बढ़ गया था, बावजूद इसके एक व्यक्ति ने बाइक से पार करने की कोशिश की और बहाव में बह गया।

तैरकर बचाई जान, बाइक का अता-पता नहीं

वह व्यक्ति तैरना जानता था, जिसकी वजह से उसने अपनी जान बचा ली। हालांकि, उसकी बाइक पानी में बह गई, जिसकी स्थिति अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।

स्कूली बच्चों को होती है परेशानी

बताया गया कि पठार क्षेत्र में पढ़ने के लिए बेद्राचुआ और मूलगांव के लगभग 30 बच्चे रोजाना इस रपटा से गुजरते हैं। बरसात में पानी बढ़ने पर उन्हें भारी दिक्कत होती है। कई बार घंटों तक उन्हें रपटा पार करने का इंतजार करना पड़ता है।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया हालात

प्रत्यक्षदर्शी और पीटीआई वीरेंद्र साहू ने बताया –
“हम दुगली खेल से बच्चों को लेकर लौट रहे थे। जैसे ही हम पार हुए, अचानक पानी का बहाव और बढ़ गया। पीछे से बाइक सवार व्यक्ति आ रहा था, जिसे सभी ने रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने नहीं सुना और बाइक सहित बह गया। हालांकि वह तैरकर बाहर निकल आया।”

ग्रामीणों की मांग और प्रशासन की जिम्मेदारी

ग्रामीणों का कहना है कि रपटा पर हमेशा खतरा बना रहता है। कभी भी पानी अचानक बढ़ जाता है और हादसे का कारण बन जाता है। जानकारी मिली है कि इस रपटा पर पुल बनाने के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है, लेकिन काम अब तक शुरू नहीं हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है।

सावधानी बरतने की अपील

स्थानीय लोग और प्रशासनिक अधिकारियों ने अपील की है कि बारिश के दिनों में जब रपटा पर पानी का बहाव तेज हो तो कोई भी जोखिम लेकर उसे पार करने की कोशिश न करे।

Also Read: Dhamtari Murder News: शराब के नशे में कलयुगी बेटे ने पिता को पीट-पीटकर मार डाला, वारदात से सहमा गांव

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button