
धमतरी: धमतरी और दुर्ग जिले की सीमा पर बहने वाली खारुन नदी में नहाने उतरे एक युवक के तेज बहाव में बह जाने की खबर है। यह दुखद घटना भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम पचपेड़ी में हुई है। घटना को 24 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है।
दोस्तों के मना करने पर भी उतरा नदी में
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पचपेड़ी निवासी सोहन निषाद (30 वर्ष) अपने तीन दोस्तों टोमेश्वर यादव, पंकज यादव और बबलू साहु के साथ शनिवार शाम को रानीतराई से माता की श्रृंगार सामग्री लेकर लौट रहे थे।
लौटते समय, सोहन निषाद ने निपानी-टिपानी के पास खारुन नदी में नहाने की इच्छा जताई। दोस्तों के मना करने के बावजूद सोहन अकेले ही नदी तट पर शमशान घाट के पास कपड़े रखकर पानी में उतर गया। नहाते समय वह नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और बहने लगा।

दोस्तों की आँखों के सामने हुआ ओझल
सोहन जब मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगा, तब प्रतिक्षालय में मोबाइल से गेम खेल रहे उसके दोस्तों की नजर उस पर पड़ी। हालांकि, तब तक सोहन गहरे पानी में जा चुका था। तेज बहाव और गहरी नदी के कारण किसी भी दोस्त ने नदी में कूदने की हिम्मत नहीं दिखाई और सोहन उनके देखते ही देखते बहकर ओझल हो गया।

अंधेरा बाधा बना, सुबह फिर शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलने पर सोहन के पिता, उत्तम निषाद ने भखारा थाना में सूचना दी। भखारा थाना प्रभारी प्रमोद अमलतास ने बताया कि शनिवार शाम करीब 4:00 बजे सूचना मिलने के बाद तुरंत गोताखोरों की टीम बुलाई गई।

धमतरी जिला सेनानी शोभा ठाकुर के निर्देश पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन अंधेरा होने की वजह से शनिवार रात को कोई सफलता नहीं मिल पाई। रविवार सुबह से ही गोताखोरों की टीम ने फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। समाचार लिखे जाने तक बहे हुए युवक सोहन निषाद की खोज खबर नहीं मिल पाई है।
Also Read: गंगरेल बांध का जलस्तर बढ़ा, चार गेट खोले गए, 8 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया



