
रायपुर: Aadhaar Biometric Update: छत्तीसगढ़ के स्कूली शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी स्कूलों को विद्यार्थियों का आधार कार्ड से संबंधित बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) कार्य 31 अक्टूबर 2025 तक अनिवार्य रूप से पूरा करने का निर्देश दिया है। यह अभियान भारत सरकार और UIDAI (भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण) के सहयोग से चलाया जा रहा है।
7 से 15 वर्ष के छात्रों के लिए मुफ्त अपडेट
स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि भारत सरकार के निर्देशानुसार, 7 से 15 वर्ष के आयु वर्ग के छात्रों का पहला बायोमेट्रिक अपडेट पूरी तरह नि:शुल्क होगा। यह सुविधा 1 अक्टूबर 2025 से शुरू होकर एक वर्ष तक मान्य रहेगी।
- विशेष शिविर: UIDAI के क्षेत्रीय कार्यालयों के सहयोग से स्कूलों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि सभी छात्रों का बायोमेट्रिक अपडेट निर्धारित समय सीमा में हो सके।
- APAAR ID भी अनिवार्य: मुख्यमंत्री के निर्देश पर, स्कूलों को सभी अध्ययनरत विद्यार्थियों की आधार-लिंक्ड APAAR ID (Automated Permanent Academic Account Registry) बनाने का कार्य भी 31 अक्टूबर 2025 तक हर हाल में पूरा करने को कहा गया है।
इस पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तर पर CHiPS अधिकारियों को भी शामिल किया जाएगा। विभाग ने इस कार्य को योजनाबद्ध तरीके से और निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं ताकि 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके।



